
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को खानपान की सुविधा देने के लिए अब प्लेटफाॅर्म के बाहर भी इंतजाम किए जा रहे हैं। जबलपुर रेल मंडल ने जबलपुर जंक्शन के बाद मदन महल सहित स्टेशन पर फूड वैन शुरू करने की योजना बनाई है।
कटनी, सागर, सतना और रीवा स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया में फूड वैन के लिए जगह उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश से पूर्व ही बाहर नाश्ता और भोजन खरीदने का विकल्प मिलेगा।
वर्तमान में जबलपुर रेल मंडल में मुख्य स्टेशन पर फूड वैन संचालित है। प्लेटफाॅर्म क्रमांक-एक पर शुरू की गई इस सुविधा को लगभग एक वर्ष हो चुका है। कुछ समय पूर्व बरगवां और पिपरिया में भी फूड वैन शुरू की गई है। यात्रियों को खानपान के लिए प्लेटफार्म के भीतर संचालित कैंटीन, फूड स्टाल, फूड प्लाजा और जनआहार केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता था।
रेलवे की इस पहल का उद्देश्य केवल खानपान का विकल्प बढ़ाना नहीं, बल्कि प्लेटफाॅर्म पर अनावश्यक आवाजाही और भीड़ को नियंत्रित करना भी है। अक्सर ट्रेन आने से पहले और उतरने के बाद यात्री नाश्ता, पानी और भोजन खरीदने के लिए प्लेटफार्म पर स्थित स्टाल तक पहुंचते हैं।
फूड वैन स्टेशन भवन के बाहर उपलब्ध होने से यात्री अपनी ट्रेन में सवार होने से पहले या यात्रा पूरी होने के बाद परिसर में ही खानपान खरीद सकेंगे। इससे उन्हें प्लेटफाॅर्म के भीतर जाने की जरूरत भी कम पड़ेगी।
मंडल को इस व्यवस्था से यात्री सुविधा के साथ अतिरिक्त राजस्व मिलने की भी उम्मीद है। फूड वैन संचालन के लिए आवंटित जगह के बदले रेलवे को शुल्क प्राप्त होगा। फिलहाल मदन महल के बाद अब सागर में फूड वैन के लिए प्रक्रिया चल रही है।
कटनी, सतना और रीवा में भी फूड वैन सुविधा विकसित करने की योजना है। अगले चरण में नरसिंहपुर, दमोह, मैहर और ब्यौहारी स्टेशनों को भी इसमें शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- ऐशबाग के 599 क्वार्टरों पर सोमवार से चलेगा बुलडोजर, कोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार, एक को मिली राहत