
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेल संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपित को गिरफ्तार किया है। इसमें चोरी का माल खरीदने का आरोपित एक कबाड़ी भी शामिल है।
आरोपियों के कब्जे से रेल लाइन के टुकड़े और कापर वायर बरामद किए गए हैं। मामले में रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपित एक बार सामान चुराने के बाद दूसरे बार चोरी के लिए पहुंचे थे, तभी दबोच लिए गए।
आरपीएफ जबलपुर पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि आरपीएफ उपनिरीक्षक अरविंद सिंह और आरक्षक हरीकेश दुबे 12 जून को गोकलपुर-रांझी स्थित जेईएसजी साइडिंग क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे साइडिंग के पास खड़े इंजन के समीप दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए।
पूछताछ में उनकी पहचान बरेला निवासी दिनेश उर्फ भूत चौधरी (24) और गोराबाजार निवासी लोकेश उर्फ हर्ष सिंह थापा (23) के रूप में हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सुबह रेलवे परिसर से रेल लाइन के दो टुकड़े चोरी कर उखरी चौराहा स्थित एक कबाड़ी को बेच दिए थे।
आरोपियों ने यह भी बताया कि तीन रेल लाइन के टुकड़े और एक कापर वायर जब्त किया। आरोपियों की निशानदेही पर उखरी चौराहा स्थित कबाड़ी दुकान में दबिश देकर चोरी का माल खरीदने वाले रिसीवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी की रेल सामग्री बरामद की गई। आरपीएफ ने तीनों आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में खुद को पुलिस अफसर बताकर नौकरी और मकान दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, शातिर ठग पर मामला दर्ज