Bihar की युवती के साथ MP में दुष्कर्म… काम की तलाश में मुंबई जा रही थी, महिला की बातों में आकर जबलपुर में उतरी
मध्य प्रदेश के जबलपुर में बिहार की युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती काम की तलाश में मुंबई जा रही थी, तभी ट्रेन में उसकी मुलाकात जबलपुर की एक महिला से हुई। महिला की बातों में आकर वह जबलपुर में ही उतर गई, जहां एक ऑटो चालक ने दुष्कर्म को अंजाम दिया।
Publish Date: Sun, 29 Sep 2024 01:30:10 PM (IST)
Updated Date: Mon, 30 Sep 2024 07:02:24 AM (IST)
बदमाश ऑटो चालक ने बिहार से आई किशोरी से किया दुष्कर्म (प्रतीकात्मक फोटो)HighLights
- पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
- महिला को भी बनाया गया सह आरोपी
- आदतन अपराधी है आरोपी ऑटो चालक
नईदुनिया,जबलपुर। पनागर थाने के देवरी में बिहार की एक 17 साल की किशोरी के साथ आदतन अपराधी ऑटो चालक ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने सीधी निवासी 34 वर्षीय महिला को भी सह आरोपित बनाया है। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
किशोरी बिहार की ट्रेन में बैठकर मुंबई जा रही थी। कटनी स्टेशन पर उसकी मुलाकात सीधी निवासी महिला से हुई। महिला को किशोरी ने अपनी समस्या बताई, तो उसने जबलपुर में काम दिलाने का भरोसा दिलाया। महिला के साथ किशोरी जबलपुर स्टेशन में उतर गई।
ऑटो चालक ने भी दिया काम दिलाने का भरोसा
- स्टेशन से बाहर आने पर दोनों की मुलाकात ऑटो चालक देवरी निवासी अनुष केवट से हुई। अनुष केवट ने दोनों को काम दिलाने के बहाने देवरी ले गया। रास्ते में किशोरी को सुनसान जगह ले गया और दुष्कर्म किया।
- इस बीच महिला आटो में इंतजार करती रही। दुष्कर्म के बाद आरोपित किशोरी को मौके पर छोड़कर भाग गया और महिला भी गायब हो गई। किशोरी किसी तरह पनागर थाने पहुंची और घटना की जानकारी दी।
महिला को इसलिए बनाया गया सह-आरोपी
पुलिस ने अनुष केवट को घर से और महिला को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अजय बहादुर सिंह ने बताया कि महिला को सहआरोपी इसलिए बनाया गया है कि उसने जानते हुई भी कि नाबालिग की मदद नहीं की और चुपचाप ऑटो में बैठी रही। आरोपित अनुष केवट क्षेत्र का शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।