शहडोल से भागी किशोरी जबलपुर पहुंची, पिता गलत हरकत करने की करते थे कोशिश, पुलिस को सौंपा आपत्तिजक कृत्य का वीडियो
कई दिनों तक रेलवे स्टेशन और फुटपाथ पर रही। उसे स्टेशन पर लगातार अकेला देखकर एक पुलिसकर्मी ने किशोरी को बुधवार को महिला थाने पहुंचाया, जहां उसने पुलिस ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 16 Jul 2026 06:08:41 PM (IST)Updated Date: Thu, 16 Jul 2026 06:09:51 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- स्टेशन पर किशोरी को अकेला देखकर पुलिस कर्मी ले गए महिला थाना
- पिता पर लगाए अनुचित व्यवहार, जबरन शादी और प्रताड़ना के आरोप
- मां के सुपुर्द किया गया, जांच के लिए शहडोल पुलिस को सौंपा मामला
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहडोल से घर छोड़कर जबलपुर पहुंची एक किशोरी ने अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किशोरी का आरोप है कि पिता लंबे समय से उसके साथ अनुचित व्यवहार करते थे। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। बाद में उसकी इच्छा के विरुद्ध शादी भी करा दी गई। प्रताड़ना से तंग आकर वह नौ जुलाई को घर छोड़कर पहले कटनी और फिर जबलपुर पहुंच गई।
कई दिनों तक रेलवे स्टेशन और फुटपाथ पर रही। उसे स्टेशन पर लगातार अकेला देखकर एक पुलिसकर्मी ने किशोरी को बुधवार को महिला थाने पहुंचाया, जहां उसने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई।
शहडोल पुलिस के साथ स्वजन पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए
गुरुवार को शहडोल पुलिस के साथ स्वजन पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। किशोरी ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसे पिता की नीयत पर संदेह हुआ। उसके अनुसार, पिता शराब के नशे में घर आकर उसके साथ अनुचित कृत्य करने का प्रयास करते थे।
उसने कई बार इसका विरोध किया और मां को भी जानकारी दी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। उल्टे विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। परिवार ने उसकी इच्छा के विरुद्ध उससे आयु में लगभग 20 वर्ष बड़े युवक से जबरन शादी करा दी। शादी के बाद भी उसे प्रताड़ना झेलनी पड़ी। इसके बाद उसने घर छोड़ने का फैसला किया।
किशोरी ने पुलिस को एक वीडियो भी उपलब्ध कराया
उसका कहना है कि वह अब अपने घर वापस नहीं जाना चाहती, क्योंकि उसे अपनी सुरक्षा का डर है। किशोरी ने पुलिस को एक वीडियो भी उपलब्ध कराया है, जिसे उसने कथित तौर पर पिता की हरकतों के दौरान बनाया था। महिला थाना पुलिस ने वीडियो देखने के बाद मामले को गंभीरता से लिया।
सुरक्षा की दृष्टि से युवती को शेल्टर होम भेज दिया। साथ ही बुधवार की रात को शहडोल पुलिस और स्वजन को सूचना दी गई। छानबीन में किशोरी की 10 जुलाई को शहडोल पुलिस में गुमशुदगी दर्ज होना पाया गया। इसके बाद गुरुवार को शहडोल पुलिस किशोरी की मां और स्वजन के साथ जबलपुर पहुंची। उसे दस्तयाब कर लिया।
आरोपों की जांच शहडोल पुलिस करेगी
अब किशोरी की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच शहडोल पुलिस करेगी। जांच के दौरान वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि किशोरी की मां ने आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि किशोरी को कुछ समय पूर्व पेट में दर्द की समस्या हुई थी।
कटनी में उसके बड़े भाई रहते हैं, जहां उपचार चल रहा था। वह उपचार के लिए कटनी जाना बोलकर नौ जुलाई को घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी, जिसके बाद शहडोल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मां ने यह भी स्वीकार किया कि बेटी की शादी कम उम्र में कराई गई थी, लेकिन इसे पारिवारिक परिस्थितियों और सामाजिक दबाव का फैसला बताया।