
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। यह खबर किसी खुशखबरी से कम नहीं है की जिले में 23 दिन के भीतर साढ़े सात हजार से ज्यादा मरीज कोरोना से जंग जीतकर घर लौट चुके हैं। इस तरह रोजाना औसत 323 लोग कोरोना महामारी को मात दे रहे हैं।
महामारी से स्वस्थ होकर घर लौटने वाले लोगों का कहना है कि प्रबल इच्छा शक्ति के दम पर कोरोना को हराया जा सकता है। उनका कहना है कि सबसे बेहतर उपाय यही है कि लोग मास्क और शारीरिक दूरी के निर्देशों का पालन करें और कोरोना संक्रमण से बचे रहें। इधर, कोरोना से ग्रस्त और 751 लोगों ने महामारी से जंग जीत ली जिसके बाद उन्हें होम व संस्थागत आइसोलेशन से मुक्त किया गया।
इस प्रकार जिले में अब तक 25 हजार 148 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। इधर, 24 घंटे के भीतर कोरोना से संक्रमित 833 नए मरीज मिले तथा 10 मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस प्रकार अब तक मिले कोरोना संक्रमित कुल मरीजों 31 हजार 513 में 372 लोग महामारी की भेंट चढ़ चुके हैं। शुक्रवार को 3 हजार 207 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई तथा 2 हजार 553 संदिग्धों के सैंपल कोरोना जांच के लिए वायरोलॉजी लैब भेजे गए। इधर, कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण रिकवरी दर घटकर 79.80 फीसद हो गई है। जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 6 हजार 814 पहुंच गई है। सक्रिय मरीजों में 4 हजार 642 होम आइसोलेशन में हैं।
फैक्ट फाइल
कुल संक्रमित-31513
स्वस्थ हुए-25148
सक्रिय मरीज-6814
मृत्यु-372