नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ और प्रताड़ना से परेशान होकर एक 19 वर्षीय युवती ने फांसी लगा लिया। मृतका का नाम सिद्धी दिवेदी है। वह गोसलपुर के शंकर कॉलोनी में रहती थी। घटना के समय घर पर अकेली थी। पुलिस ने उसके कमरे से सुसाइड नोट जब्त किया है। जिसमें पड़ोस में रहने वाले ऋषभ सिंह परिहार को अपनी मौत का उत्तरदायी ठहराया है।
आरोपित के विरुद्ध कुछ समय पूर्व युवती के स्वजन ने एफआइआर दर्ज कराई थी। जिस मामले में वह हाल ही में जेल से जमानत पर छूटा था। जेल से लौटने के बाद वह युवती को फिर परेशान कर रहा था। घटना से स्वजन और ब्राह्मण समाज आक्रोशित है। गांव से आरोपित और उसका परिवार गायब हो गया है।
गोसलपुर के शंकर कॉलोनी निवासी मनीष द्विवेदी एवं पत्नी रेखा का एक पुत्र हर्षित और पुत्री सिद्धी है। पिता एवं पुत्र निजी कार्य करते हैं। शनिवार को मनीष पत्नी को लेकर किसी काम से जबलपुर आए थे। हर्षित अपने काम पर गया था। घर पर सिद्धी अकेली थी। शाम को जब उसके माता-पिता वापस लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने काफी देकर तक खटखटाया और पुत्री को आवाज दिया। दरवाजा नहीं खुला। दंपती ने पुत्र हर्षित को फोन करके बुलाया। उसने आने क बाद घर के मुख्य द्वार के दरवाजा का ताला काटा। अंदर गए तो सिद्धी के कमरे का दरवाजा बंद मिला। कई बार धक्का देने पर वह दरवाजा टूटकर खुल गया। जैसे ही उन्होंने अंदर देखा तो सिद्धी फंदे पर झूलती दिखी। पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।
सुसाइड नोट में लिखा- मैं पड़ोस में रहने वाले राकेश सिंह के बेटे ऋषभ सिंह परिहार से परेशान हूं। उसने मुझे पिछले पांच माह से परेशान कर रखा है। बहुत प्रताड़ित कर रहा है। उसे कई बार समझा चुकी है, ऐसा न करें। वह अपनी हरकत नहीं छोड़ रहा। मेरा घर से बाहर कदम रखना दूभर हो गया है। अब और बर्दाश्त नहीं कर सकती। मैं आत्महत्या कर रह रही हूं। मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना।
घटना के बाद आरोपित पड़ोसी और उसका पूरा परिवार गायब हो गया है। पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटा रही है। आरंभिक छानबीन में पता चला है कि आत्महत्या से पूर्व सिद्धी ने माता-पिता से फोन पर बात किया था। तब उससे बातचीत में ऐसा नहीं लगा कि वह आत्महत्या कर लेगी। जांच में यह भी पता चला है कि कुछ समय पूर्व भी उसने घर में घुसकर युवती के साथ मारपीट किया था। युवती के स्वजन ने आरोपित के अभिभावकों को बताया था। उसके बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। कुछ दिनों से वह युवती को फोन करके परेशान कर रहा था।
पुलिस ने रविवार को युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। उसके बाद शव लेकर स्वजन जैसे ही गांव पहुंचे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोपित पर तुरंत एफआइआर करने और उसकी गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। लगभग दो घंटे बाद मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे। उनके मामले में कड़ी कार्यवाही के आश्वासन के बाद स्वजन युवती के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। प्रदर्शन समाप्त किया।
इसे भी पढ़ें... सीएम मोहन यादव ने 90 डिग्री ROB को लेकर की कार्रवाई; कुल 7 हुए सस्पेंड, निर्माण कंपनी और डिजाइन कंसल्टेंट ब्लैक लिस्ट