
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर-कटंगी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया गया कि ट्रक जबलपुर से दमोह की ओर जा रहा था। इसी दौरान कटंगी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर मौजूद कटंगी के प्रेमनगर निवासी राहुल यादव (28), नरेंद्र यादव (40) और देवगवां निवासी मनीष बर्मन (30) से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मनीष वहां से पैदल गुजर रहा था। तभी सैय्यद बाबा की मजार के पास दमोह की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक एमपी 39 यूजे 3324 ने तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों छिटक-कर गिरे और वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में नरेंद्र और मनीष को मृत घोषित कर दिया गया। राहुल का उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य साक्ष्य जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गरबा के पास नहीं मिलने पर बवाल, बजरंग दल के कार्यकर्ता भड़के तो लात-घूंसे चले; महिलाओं-बच्चों को पीटा