
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गौरीघाट में उफनती नर्मदा के बीच शुक्रवार को होमगार्ड की पेट्रोलिंग मोटरबोट पलट गई। हादसे के समय मोटर बोट में क्षमता से करीब दोगुने सैनिक सवार थे। बरगी बांध के गेट खुलने के बाद बढ़े नर्मदा के जलस्तर के बीच होमगार्ड के सैनिक मोटरबोट पर गश्त कर रहे थे।
तभी तेज बहाव के कारण नाव अनियंत्रित होकर बहने लगी, जिससे उसमें सवार जवानों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ जवान तैरकर बाहर आए, जबकि बाकी को मौके पर मौजूद स्थानीय नाविकों और गोताखोरों ने अपनी नावों की मदद से सुरक्षित निकाला। मौके पर पहुंची ग्वारीघाट पुलिस ने भी तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना ने होमगार्ड के जिम्मेदारी की लापरवाही को भी उजागर किया है।
बोट चालक के अलावा बाकी सभी सदस्य लाइफ जैकेट पहने हुए थे। इसके कारण वह तुरंत नहीं डूबे। उन्हें डूबता देखकर घाट पर मौजूद तीन-चार स्थानीय नाविक तत्काल अपनी नाव लेकर पहुंचे। उन्होंने जवानों को अपनी नाव में बैठाया और बाहर निकाला। घटना के बाद तेजी से मदद के लिए दूसरी मोटरबोट से डूबी बोट की तलाश की गई।
आरोप है कि आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू की जिम्मेदारी संभालने वाली टीम के पास अपनी ही बोट पलटने की स्थिति में तत्काल बचाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। स्थानीय नाविक और गोताखोरों की तत्परता और मदद से बड़ा हादसा टल गया।
मोटरबोट श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाट पर निगरानी के लिए पेट्रोलिंग कर रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान इंजन बंद होने से नाव पानी में बहने लगी और उसमें पानी भरने लगा। बोट चालक भानू बिना लाइफ जैकेट पहले ही नदी में उतरा था। चालक की लापरवाही की बात भी कही जा रही है। उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।
बचाव के दौरान सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन बोट पानी में डूब गई। देर शाम तक बोट की तलाश जारी थी। हालांकि घटना के बाद जिला स्तर पर होमगार्ड के जिम्मेदार हादसे के लिए नदी का तेज प्रवाह बताकर लापरवाही पर परदा डालने में जुट गए है। होमगार्ड कमाडेंट नीरज सिंह ने मामले की जांच कराने बात कही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में छापेमारी कार्रवाई में 210 किलो प्रतिबंधित पाॅलीथिन जब्त, एक लाख रुपये का जुर्माना