जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन, जबलपुर के सिल्वर जुबली आदर्श सभागार में शनिवार, 17 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी का सम्मान किया जाएगा। उक्त जानकारी बुधवार को हाई कोर्ट बार के सभाकक्ष में पत्रकारवार्ता के दौरान दी गई। हाई कोर्ट बार अध्यक्ष संजय वर्मा व सचिव परितोष त्रिवेदी ने बताया कि 17 सितंबर को सायं साढ़े चार बजे से आयोजन होगा। इसे लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत अवस्थी व उपाध्यक्ष आशीष तिवारी ने बताया कि न्यायमूर्ति संजय किशन कौल सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में सहज, सुलभ व त्वरित न्यायदान की प्रक्रिया को गति दे रहे हैं। संयुक्त सचिव दीपक कुमार सिंह व कोषाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार खरे ने बताया कि न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में लंबे समय तक न्यायाधीश रहे। इसके बाद कर्नाटक हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त हुए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश नियुक्त किए गए। पुस्तकालय सचिव संगीता नायडू, कार्यकारिणी सदस्य विपुलवर्धन जैन, अमन शर्मा, सौरभ सिंह ठाकुर, अजय शुक्ला, अमिताभ भारती जैन, जितेंद्र श्रीवास्तव व नीरज तिवारी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दोनों न्यायाधीशों के सम्मान के लिए विशेष तैयारी की गई है। आयोजन को अविस्मरणीय बनाने कोई कोर-कसर शेष नहीं रखी जाएगी।