
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। आधारताल थाना क्षेत्र प्राचीन लक्ष्मी-नारायण पचमठा मंदिर में देर रात नकाबपोश बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दानपेटी तोड़कर नकदी व जेवर चोरी कर लिए।

बदमाशों ने मंदिर में स्थापित प्राचीन लक्ष्मी प्रतिमा को भी ले जाने की कोशिश की, लेकिन प्रतिमा खंडित होने के बाद उसे वहीं छोड़कर भाग गए। आधारताल तालाब के पास स्थित यह प्राचीन मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
.jpeg)
शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे पुजारी मंदिर के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर घर चले गए थे। देर रात बदमाशों ने ताला तोड़ा और मंदिर में प्रवेश कर चोरी की वारदात की।

शुक्रवार को सुबह श्रृद्धालु पहुंचे तो घटना का पता चला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डाग स्क्वाड की मदद से जांच शुरू की। वारदात से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल रहा।

बदमाशों ने मंदिर में प्रवेश करते ही सबसे पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को निशाना बनाया। उन्होंने कई कैमरे तोड़ दिए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। हालांकि एक कैमरा उनकी नजर से बच गया। पुलिस को इसी कैमरे में बदमाशों के मंदिर की ओर जाते हुए फुटेज मिले हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपितों के हुलिए और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
सुबह पुजारी के मंदिर पहुंचने पर चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए। केंट विधायक अशोक रोहाणी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गणेश प्रतिमा बना रहे मूर्तिकार पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, बाइक सवार युवकों ने वारदात को दिया अंजाम