
Lok Sabha Chunav 2024 : , नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। लोकसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर है। जबलपुर में 19 अप्रैल को होने मतदान है, जिसकी तैयारियों की सोमवार को समीक्षा बैठक हुई। इसमें कलेक्टर दीपक सक्सेना ने निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सामान्य प्रेक्षक, पुलिस प्रेक्षक, व्यय प्रेक्षक, पुलिस अधीक्षक, एडीएम और सभी एसडीएम से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्वाचन तैयारियों के एक-एक बिंदु पर विस्तार से चर्चा की और कानून व्यवस्था से जुड़ी जानकारी संबंधित अधिकारियों से पूछी। इस दौरान कलेक्टर ने एनएसए, जिला बदर, बॉड- ओव्हर के बारे में पूछा।
उन्होंने कहा कि वे मतदाता, जो फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में से कोई एक दिखाना होगा। इनमें 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में आधार कार्ड, मनरेगा जाब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो सहित पेंशन दस्तावेज आदि शामिल हैं।
उन्होंने निर्वाचन तैयारियों में एक से 16 मार्च और 16 मार्च से अभी तक की गई कार्रवाई पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने निर्देश दिए। सभी इलेक्शन को लेकर अलर्ट मोड में रहें। दैनिक जब्तियों, एमसीसी के उल्लंघन, सी विजिल, पेड न्यूज, व्यय निगरानी सेल आदि की रिपोर्ट पर चर्चा की और कहा कि मतदान केंद्र पर किसी को मोबाईल ले जाने की अनुमति नहीं रहेगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन नौ अप्रैल को होटल कल्चुरी में 3 संभागों के निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में समीक्षा करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सुबह 11 बजे से 2 बजे तक जबलपुर संभाग तथा 3 बजे के बाद रीवा, शहडोल संभाग में निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसमें संभाग के सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी व पुलिस अधीक्षक मौजूद रहेंगे।