
Jabalpur News : नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सुरक्षा के लिहाज से देश की महत्वपूर्ण आयुध क्षेत्र की वाहन निर्माणी जबलपुर के इस्टेट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। निर्माणी अपने दोनों प्रमुख सेक्टर में सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रही है। निर्माणी के मुख्य प्रवेश द्वार को जाने वाले मार्ग में भी जगह-जगह कैमरे लगेंगे।
ऐसा इस्टेट क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए किया जा रहा है। इधर, महज एक माह के अंदर बड़ी संख्या में इस्टेट क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं हुईं। इस्टेट के कंडम आवासों को अपराधियों ने ठिकाना बना लिया है। इस्टेट क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर नईदुनिया में प्रकाशित खबरों पर संज्ञान लेते हुए निर्माण प्रबंधन ने सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश जारी किए हैं।
एवीएनएल की इकाई वीएफजे ने बाहरी तत्वों की इस्टेट क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए एक विस्तृत कार्ययोजना बनाई है इसी के अनुरूप कार्य जारी है। माना जा रहा है कि इस कदम से असामाजिक गतिविधियों पर काफी हद तक रोक लग जाएगी। सेक्टर-1 व सेक्टर-2 में हाल के दिनों में संदिग्ध गतिविधियों में खूब इजाफा हुआ है।
आम का बगीचा क्षेत्र में एक कंडम क्वार्टर से महिला की अधजली लाश ने तो निर्माणी के जिम्मेदार अधिकारियों को अचरज में डाल दिया है। इस क्षेत्र में आसपास रहने वाले कर्मचारी भयक्रांत हैं और उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से अन्य उपाय करने यूनियनों के माध्यम से प्रशासन को पत्र भी लिखा है।
वीएफजे प्रशासन ने सुरक्षा अधिकारी की राय के अनुरूप तीन प्रमुख बिंदुओं पर फोकस किया है। जिसमें पहले चरण में अभी इस्टेट क्षेत्र के विभिन्न चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई है। साथ ही निजी सुरक्षा गार्ड की संख्या इस्टेट में बढ़ाई जाएगी और जहां जरूरी हुआ तो वहां पर बाउंड्रीबाल का निर्माण कार्य होगा। इसके लिए एक विस्तृत योजना बनाई गई है।
वीएफजे इस्टेट क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने निर्माणी ने व्यापक उपाय किए हैं, इसी के तहत दो सेक्टर में बांटकर जगह-जगह कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही वीएफजे के मुख्य प्रवेश द्वार को नगर के मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले रास्ते को भी सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानते हुए स्थल चयन के आधार पर कैमरों से निगरानी की तैयारी कर ली गई है। दोनों सेक्टर और निर्माणी परिसर के बाहर कैमरे लगाने के साथ एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। जिससे सारे कैमरे नियंत्रित होने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी।
इस्टेट क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के उद्देश्य से अनेक उपाय किए जा रहे हैं और सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ निजी सुरक्षा गार्ड की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई गई है, एवीएनएल को प्रस्ताव बनाकर भेजा जा रहा है, अनुमोदन के बाद इस पर कार्य आरंभ हो जाएगा।
विपुल वाजपेयी, जनसंपर्क अधिकारी, वीएफजे