
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। वेयरहाउस पर पांच गुना लोन दिलाने का झांसा देकर एक महिला के चाचा और रिश्तेदार ने 30 लाख रुपये हड़प लिए। दोनों ने लोन नहीं होने पर पूरी रकम लौटाने का भरोसा दिया था, लेकिन न तो लोन स्वीकृत कराया और न ही रुपये वापस किए।
ठगी का अहसास होने पर महिला ने पुलिस से शिकायत की। मझौली पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार काकरदेही निवासी आराधना सिंह परिहार (35) के घर उसके चाचा बालाघाट के वारासिवनी निवासी जितेंद्र सिंह और रिश्तेदार पनागर के अभिमन्यु चौक निवासी देवेंद्र सिंह पहुंचे थे। दोनों ने आराधना को बताया कि वे वेयरहाउस पर पांच गुना तक लोन दिलवा सकते हैं। उनकी बातों में आकर आराधना ने लोन के लिए सहमति दे दी।
इसके बाद दोनों ने उससे 30 लाख रुपये की मांग की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि लोन स्वीकृत नहीं हुआ तो पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। आराधना के पति और जीजा ने मिलकर दोनों को 30 लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साइबर अपराधियों ने एक युवती के बैंक खाते से 92 हजार 800 रुपये पार कर दिए। युवती के मोबाइल पर आए एक नोटिफिकेशन के बाद खाते से रकम निकलने का मामला सामने आया है। शिकायत पर बरेला पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बरेला चौखड़ा निवासी मुस्कान पटेल (27) के मोबाइल पर आठ नवंबर को एक नोटिफिकेशन आया था। युवती ने उसे क्लीन कर दिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 92 हजार 800 रुपये निकल गए। खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिलने पर उसने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कर लेनदेन और नोटिफिकेशन से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- एमपी में 27% OBC आरक्षण पर बड़ा अपडेट, सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई का रास्ता खुला, 13 तकनीकी खामियां दूर