
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मुस्कान प्लाजा के पास स्थित जेडीए कालोनी में स्ट्रीट डाग को कार से कुचलने की घटना ने विवाद का रूप ले लिया। श्वान के गंभीर रूप से घायल होने के बाद शुक्रवार को डाग लवर्स ने विजय नगर थाने पहुंचकर शिकायत की।
घटना से नाराज लोगों पर श्वान को कुचलने वाली कार के मालिक भरत सोनी के साथ मारपीट करने का आरोप है। एक महिला ने भी भरत सोनी और उनकी पत्नी पर अभद्रता व मारपीट करने तथा बाद में घर पहुंचकर उसे घसीटने की शिकायत दर्ज कराई है। विजय नगर पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और सामने आए वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।
एमआर फोर रोड मुस्कान प्लाजा के पीछे जेडीए कालोनी निवासी भरत सोनी का नाबालिग बेटा कार क्रमांक एमपी 20 सीएफ 4147 लेकर अपार्टमेंट के गेट से बाहर निकला। इसी दौरान सड़क पर मौजूद श्वान कार की चपेट में आ गया।
आरोप है कि ड्राइवर नाबालिग है। उसे गेट के पास श्वान होने की जानकारी थी। उसके बावजूद कार को आगे-पीछे करने से श्वान के चारों पैरों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद एक युवक घायल श्वान को उपचार के लिए अस्पताल ले गया। डाग लवर्स का आरोप है कि श्वान को चोट पहुंचने के बाद उसके उपचार की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया गया।
एक महिला श्वान को घायल करने की बात बताने भरत सोनी के घर पहुंची। महिला की शिकायत के अनुसार, वहां मौजूद भरत सोनी और उनकी पत्नी सोनल ने उसके साथ अभद्रता की। आरोप है कि बेसबाॅल स्टिक से हमला कर उसे दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद भरत सोनी अपने साथियों के साथ उसकी सोसायटी पहुंचे। वहां घर के बाहर अभद्रता करने के बाद उसे बाहर आने के लिए कहा गया। इनकार करने पर बुरी नीयत से हाथ पकड़कर घसीटने का आरोप भी लगाया गया है।
दूसरी ओर, श्वान को कार से कुचलने की घटना से नाराज कुछ लोगों पर भरत सोनी के घर पहुंचकर मारपीट करने का आरोप है। घटना में घायल भरत को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ युवक उन्हें घर से बाहर निकालकर पीटते दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि पिता को बचाने पहुंचे उनके नाबालिग बेटे के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज व वीडियो को जांच में लिया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गरबा के पास नहीं मिलने पर बवाल, बजरंग दल के कार्यकर्ता भड़के तो लात-घूंसे चले; महिलाओं-बच्चों को पीटा