
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में रविवार रात फिल्मी अंदाज में अपहरण और मारपीट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। दो कारों में सवार सात बदमाशों ने रंजिश के चलते चार दोस्तों का एक-एक कर अपहरण कर लिया।
सभी को जबरन बड्डा दादा मैदान ले जाकर बेल्ट और बेसबॉल स्टिक से बेरहमी से पीटा। इन्द्रा बस्ती निवासी विनम्र बर्मन (16) के दोस्त अंकित ठाकुर की अभिषेक बर्मन से पुरानी रंजिश चल रही है।
इसी कारण अभिषेक, अंकित के दोस्तों से भी दुश्मनी रखता था। रविवार रात अभिषेक अपने साथियों यश साहू, राज तेकाम और जिशान खान के साथ कार से पहुंचा और सबसे पहले विक्का ठाकुर का अपहरण कर लिया।
इसके बाद आरोपित भारत कालोनी पहुंचे, जहां विनम्र अपने दोस्त अनमोल के साथ बैठा था। आरोपितों ने दोनों के साथ विवाद किया और फिर विनम्र को जबरन कार में बैठाकर मारपीट की। इसी दौरान दूसरी कार में सवार राज रजक, विशाल और हर्ष तिवारी भी वहां पहुंच गए।
आरोपितों ने विनम्र को धमकाते हुए उससे अंकित ठाकुर को फोन लगवाया। अंकित जैसे ही अपने घर से बाहर आया, बदमाशों ने उसे भी जबरन कार में बैठा लिया।
सभी अपहृत युवकों को बड्डा दादा मैदान ले जाया गया, जहां बेल्ट और बेसबाॅल स्टिक से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। मारपीट के दौरान पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंचते ही आरोपित चारों दोस्तों को वहीं छोड़कर दोनों कारों में सवार होकर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर गढ़ा थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर सातों आरोपितों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में अनियंत्रित कार गहरे नाले में गिरी, कांच तोड़कर चालक व क्रेन से बाहर निकाली कार