
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बेलखेड़ा थाने में काफी समय से खड़े कबाड़ बन चुके जब्त वाहनों की सामग्री को कबाड़ियों से तुलवाने का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
वीडियो में एक आरक्षक के साथ चार से पांच लोग दिखाई दे रहे हैं, जो वाहन के निकाले गए कलपुर्जे और कबाड़ का वजन करते नजर आ रहे हैं।
इसे सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों की ओर से आरोप लगाए जा रहे हैं कि थाने में लंबे समय से जब्त और कबाड़ हो चुके वाहनों के कलपुर्जे चोरी-छिपे कबाड़ियों को बेचे जा रहे थे। पुलिस ने इन आरोपों को गलत बताया है।
एसडीओपी पाटन आशुतोष द्विवेदी के अनुसार थाना परिसर के पास सिक्सलेन रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते जब्त सामान को वहां से हटवाकर थाने के अंदर सुरक्षित रखवाया जा रहा था।
सामान को इधर से उधर शिफ्ट करने के लिए कुछ लोगों की मदद ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कबाड़ बेचने या किसी अन्य तरह की गड़बड़ी का आरोप सही नहीं है। फिलहाल वीडियो को लेकर चर्चाएं तेज हैं।