नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर से हैदराबाद के लिए उड़ी इंडिगो की फ्लाइट 6 ई-7308 की नागपुर में लैंडिंग करवानी पड़ी। विमान को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिलने के बाद कैप्टन ने विमान की आपात लैंडिंग की। फ्लाइट के टॉयलेट में विस्फोट 9 बजे का संदेश लिखा मिला।
विमान की क्रू मैम्बर ने यह संदेश देखा तो उसने कैप्टन को तत्काल सूचना दी। जिसके बाद फौरन विमान की लैडिंग हुई। विमान में 69 लोग सवार थे। नागपुर एयरपोर्ट में तत्काल सभी यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई।
बता दें कि सुबह 8 बजे निर्धारित समय पर जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से इंडिगो के विमान ने हैदराबाद के लिए उड़ान भरी। करीब 9.20 बजे विमान के कैप्टन ने नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग की। इंडिगो की मैनेजर हिना खान ने कहा कि लैंडिंग होने की जानकारी दी।
जबकि जानकारी के अनुसार जबलपुर से उड़ान भरने के कुछ समय बाद क्रू में शामिल ज्योतिस्मिता सैकिया वॉशरूम गईं। यहां टॉयलेट रोल के टुकड़े पर नीली स्याही से लिखा मैसेज दिखा। इसमें लिखा था- 'ब्लास्ट @ 9 लिखा था। यह देखकर वह डर गई और सैकिया ने विमान के पायलट को सूचना दी। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल नागपुर को सूचना दी। इसके बाद फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट कर दिया गया।
नागपुर एयरपोर्ट को सील किया गया है। विमान की जांच के लिए सुरक्षा एजेंसी भी अलर्ट मोड में आ गई हैं। विमान से सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। फिलहाल, फ्लाइट के भीतर रखे सामान की जांच की जा रही है। सुरक्षा टीम इस बात की भी जानकारी जुटाने में लगी है कि यह संदेश किसने और कब लिखा था।
जबलपुर से बेंगलुरु के लिए उड़ान रविवार से शुरू हो रही है। विमान से सफर करने के लिए यात्रियों ने अभी से बुकिंग करवा ली है और अधिकांश सीटें भर गई हैं। दोपहर 12.30 बजे विमान बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा। यह विमान सप्ताह में चार दिन जबलपुर, बेंगलुरु के बीच उड़ान भरेगा। इसका न्यूनतम किराया सवा पांच हजार रुपये जारी किया गया है।
इस विमान के शुरू होने से एक बार फिर जबलपुर सीधे दक्षिण से जुड़ पाएगा। जानकारी के अनुसार इंडिगो का विमान दोपहर साढ़े 12 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरेगा, जो दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर जबलपुर पहुंचेगा। इसके बाद यही विमान दोपहर तीन बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरकर शाम पांच बजकर 20 मिनट पर बेंगलुरु पहुंचेगा। यह विमान सेवा रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को रहेगी।
यात्रियों का कहना है कि बेंगलुरु जाने का अच्छा समय तय हुआ है जिससे आवागमन बेहतर होगा। जिन विमानों का संचालन किया जा रहा है, उनकी स्थिति भी बेहतर है। यात्रियों का कहना है कि इंडिगो का विमान टेकआफ और लैंड के वक्त काफी आसानी से रनवे पर पहुंच जाता है।
पीएमश्री पर्यटन वायु सेवा में शनिवार से 50 प्रतिशत की सब्सिडी फिर प्रारंभ हो गई है। जारी शेड्यूल में सोमवार और बुधवार को इंदौर से दो फ्लाइट सुबह 10 बजे जबलपुर के लिए और शाम 5.50 पर भोपाल के लिए रहेगी। रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को इंदौर से फ्लाइट चलेगी। मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को कोई फ्लाइट नहीं है।