नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के कचनारी गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया जब एक पिता ने अपने ही बेटे पर गोली चला दी। यह घटना बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात की है, जब संपत्ति विवाद को लेकर हेमचंद पटेल ने अपने बेटे आकाश पटेल (26) को गोली मारने का प्रयास किया।
गनीमत यह रही कि गोली सीधे न लगकर आकाश के हाथ में जा लगी और उसकी जान बच गई। हमले के पीछे उसकी सौतेली मां वंदना पटेल का उकसावा बताया जा रहा है, जिसने पिस्टल लाकर पति को दी और कहा – “देख क्या रहे हो, इसे मार डालो। हक मांगेगा, परेशान करेगा।”
जानकारी के अनुसार, हेमचंद ने दो शादियां की हैं। आकाश उसकी पहली पत्नी से जन्मा बेटा है। वर्ष 2008 में पहली पत्नी से अलग होने के बाद से आकाश अपनी मां के साथ शिवधाम नगर में रहता है, जबकि हेमचंद ने 2012 में वंदना पटेल से दूसरा विवाह किया और कचनारी में रहने लगा।
बीते 13 वर्षों से संपत्ति को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद चल रहा है, जो अब न्यायालय में लंबित है। हेमचंद बेटे पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। इसी सिलसिले में उसने आकाश को बुधवार रात फोन करके घर बुलाया।
जब आकाश घर पहुंचा, तो हेमचंद ने उससे केस खत्म करने को कहा, जिस पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। तभी वंदना ने अंदर से पिस्टल लाकर दी और उकसाने लगी। क्रोधित होकर हेमचंद ने पिस्टल से बेटे पर गोली चला दी।
गोली आकाश के हाथ में लगी, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भागा और सीधा माढ़ोताल थाने पहुंचा। पुलिस ने उसे तुरंत विक्टोरिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसका बयान दर्ज किया गया।
पुलिस ने हेमचंद पटेल और वंदना पटेल के खिलाफ धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पड़ोसी और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं कि एक पिता अपनी ही संतान का खून करने पर उतारू हो गया।