
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गौरीघाट में एक बूंद गंदा पानी न मिलने के दावे पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार को जबलपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने गौरीघाट ललपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया।
नर्मदा में मिल रहे गंदे नालों पर हैरानी और नाराजगी जताते हुए कहा कि नर्मदा में 400 फ्लैट का गंदा, बदबूदार पानी नर्मदा में समाहित हो रहा है। इसी तरह 10 से 12 स्थान हैं जहां नर्मदा में गंदा पानी मिल रहा है। ये बेहद शर्मनाक है। इस दौरान उन्होेंने नर्मदा नदी में मिल रहे सीवर के पानी के सैंपल भी लिए।
प्रियांक कानूनगो ने निरीक्षण के दौरान गंदे पानी के सैंपल लिए और ये भी कहा कि ललपुर के पास ही रेलवे का पंप हाउस है। इसी के बगल में सीवर का गंदा पानी मिल रहा है। रेलवे पंप हाउस के माध्यम से नर्मदा का पानी लिफ्ट कर रहा है। जबकि यहां के पानी में इतनी गंदगी मिल रही है कि ये मनुष्य के पीने योग्य नही है, मानव जीवन के लिए घातक है।उन्होंने कहा कि इस तरह मानव जीवन से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। इस संबंध में रेल प्रशासन को नोटिस जारी किए जाएंगे।
इसके पहले मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने परियट नदी का भी दौरान किया। नदी की दुर्दशा पर निगम प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यप्रणाली पर चिंता भी जताई। उन्होंने ‘एक्स’ हैंडल पर कहा कि भारत का दुर्भाग्य ही है कि गोबर जैसे बायोडिग्रेडेबल अपशिष्ट का उचित प्रबंधन न होने से यह नदी गोबर नदी में तब्दील हो कर समाप्त हो गई है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अफसर अंग्रेजों के जमाने के सरकारी एजेंट की तरह व्यवहार कर के केवल भय बनाने का काम करते है। शक,संशय और संवादहीनता की स्थिति यह है कि डेयरी वाले बात करने में भी डरते हैं। बड़ी कठिनाई के बाद युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष योगेंद्र ठाकुर एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं की मदद से डेयरी संचालकों से संवाद का प्रयास किया गया।
उन्होंने एक्स पर लिखा कि शहर के बाहर ग्रामीण इलाके के चार किलोमीटर के क्षेत्र में 200 से अधिक डेयरी संचालित है। दो लाख लीटर दूध का उत्पादन कर के 15000 श्रमिकों को सीधा रोजगार दिया जा रहा है। हरा चारा,भूसा, खली खरीद कर डेयरियां हजारों किसानों की आय बढ़ा रही हैं। सप्लाई करने वाले नेटवर्क में नियोजित व्यक्तियों के लिए अतिरिक्त रोज़गार सृजित करने वाली इकाइयां कुल मिलाकर एक लाख से अधिक लोगों का आजीविका का साधन हैं।
प्रियांक कानूनगो देर रात लालमाटी स्थित बाल्मिक बस्ती भी पहुंचे। यहां ज्यादातर सफाई कर्मचारी निवास करते हैं। यहां उन्होंने ठेके पर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने ठेकेदार द्वारा आधी वेतन देने देने की शिकायतें की।
गौरीघाट में नालों का गंदा पानी रोकने के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट संचालित है। कुछ स्थानों पर जरूर कुछ कमियां हैं उसे दूर किया जाएगा। रेलवे जहां से पानी ले रहा है वह पंप हाउस हैं, ट्रीटमेंट प्लांट सिविल लाइन में हैं। नगर निगम सीमा में आने वाली परियट नदी को बेहतर किए जाने की कार्ययोजना है।
कमलेश श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री जल, नगर निगम
यह भी पढ़ें- दुष्कर्म पीड़ित 16 वर्षीय किशोरी को मिली गर्भपात की अनुमति, बच्चे को साथ रखने से किया इंकार