
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। विजय नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन के पीछे तंबू में सो रही दो वर्षीय बच्ची रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गई। स्वजन ने तलाश शुरू की तो रात करीब दो बजे बच्ची पास की निर्माणाधीन एक अन्य भवन के पास रोती-बिलखती मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान थे और रेत लगी हुई थी। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। विजय नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ अपहरण का एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्ची के माता-पिता मजदूरी करते हैं और निर्माण स्थल के पीछे तंबू में रहते हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे खाना खाने के बाद परिवार सो गया। रात करीब साढ़े 12 बजे नींद खुलने पर बच्ची गायब मिली। घबराए स्व्जन ने आसपास तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद रात करीब दो बजे पास के निर्माणाधीन भवन की ओर से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। वहां पहुंचने पर बच्ची मिल गई।
स्वजन उसे लेकर थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर मासूम को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।