नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर एक सितम्बर से हवाई मार्ग से बेंगलुरू से जुड़ने जा रही है। इंडिगो द्वारा एक सितम्बर से इस रूट पर विमान सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इसका शेड्यूल भी जारी कर दिया गया। यह विमान सप्ताह में चार दिन जबलपुर बेंगलुरू के बीच उड़ान भरेगा। शेड्यूल जारी होते ही इसका फेयर न्यूनतम सवा पांच हजार रुपये जारी किया गया है। इस विमान के शुरू होने से एक बार फिर जबलपुर सीधे दक्षिण से जुड़ पाएगा।
जानकारी के अनुसार इंडिगो का विमान दोपहर साढ़े 12 बजे बेंगलुरू से उड़ान भरेगा, जो दोपहर दो बजकर 35 मिनिट पर जबलपुर पहुंचेगा। इसके बाद यही विमान दोपहर तीन बजकर दस मिनिट पर उड़ान भरकर शाम पांच बजकर 20 मिनिट पर बेंगलुरू पहुंचेगा। यह विमान सेवा रविवार, सोमवार, बुधवार और शनिवार को रहेगी।
इन शहरों के लिए मांग
कोलकाता, पुणे, मुंबई, दिल्ली, सूरत, अहमदाबाद, चेन्नई, बेंगलुरु जैसे बड़े महानगरों से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए लगातार मांग की जा रही है।
पर्यटन के साथ रोजगार बढ़ेगा
हवाई सेवाओं के विस्तार के साथ ही जबलपुर शहर का परिद्श्य बदलेगा। विकास की रफ्तार बढ़ेगी वहीं रोजगार और पर्यटन में उछाल आएगा। आईटी कंपनियां जबलपुर आने से हिचकिचाएंगी नहीं। यहां प्लेसमेंट के लिए कैंपस अधिक होंगे। नतीजा शहर के युवाओं को बेहतर अवसर मिलेगा।
इसके अलावा जबलपुर और इसके आसपास के 250 किलोमीटर के दायरे में कई प्राकृतिक सौदर्य और तीर्थ स्थल है जहां पर पर्यटक बड़ी संख्या में आते हैं हवाई सफर होने से उनके लिए कम समय में इन स्थानों पर घूमने की सुविधा होगी। इससे पर्यटन बढ़ेगा जिसका लाभ स्थानीय लोगों को भी मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि डुमना एयरपोर्ट का विस्तारीकरण का काम पूरा हो चुका है। विस्तारीकरण में 450 करोड़ रुपए खर्च हुए, जिसके बाद एयरपोर्ट का स्वरूप अब अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा की की तरह नजर आने लगा है तथा फ्लायर्स की संख्या भी बढ़ी है। जिस हिसाब से एयरपोर्ट का कायाकल्प किया गया है, उसकी तुलना में उड़ानों की संख्या अभी कम है, जबकि यात्रियों की कोई कमी नहीं है।
मई और जून माह में ही 47 हजार से ज्यादा यात्रियों ने हवाई यात्रा की। जून माह में 11519 यात्री जहां विमान से जबलपुर आए वहीं 11523 ने जबलपुर से अलग-अलग शहरों के लिए उड़ान भरी। इसी तरह मई 2024 में 12089 यात्री अलग-अलग शहरों से आए तो 12581 यात्री जबलपुर से अन्य शहरों के लिए उड़ान भरे।
यात्री सेवा बढ़ने के साथ ही पैसेंजर भी विमानों में सफर का आनंद उठा रहे हैं। एक जुलाई से मुंबई के लिए इंडिगो की नियमित उड़ान सेवा भी प्रारंभ हुई है। जल्द ही सितंबर से बेंगलुरु के लिए विमान सेवा मिलने वाली है जिससे जबलपुर की एयर कनेक्टिविटी में विस्तार होगा।