
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के मादा गांव के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम पंचायत मादा के सरपंच पप्पू उर्फ बेनी प्रसाद यादव (45) की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र निखिल यादव (22) और रिश्तेदार मुन्ना यादव (48) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों किसी कार्य से सकरा गांव गए थे। कार से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
दोपहर को जब वे वापस लौट रहे थे। इस दौरान मादा गांव के मोड़ पर उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी और पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति अधिक थी। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क निर्माणाधीन थी। निर्माण स्थल से गुजरते समय चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार पलट गई।
खेत में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को बाहर निकाला। तीनों को गंभीर अवस्था में पाटन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सरपंच बेनी प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। निखिल यादव और मुन्ना यादव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।