सिनेमाघर खोलने के आदेश तो मिले, लेकिन रिलीज के लिए नहीं है कोई फिल्म
Cinema Theatre Reopen: सरकार ने सिनेमाघरों को खोलने के आदेश तो दे दिए, लेकिन कोई नई फिल्म नहीं है, जिससे संचालक अभी भी परेशान।
By Ravindra Suhane
Edited By: Ravindra Suhane
Publish Date: Wed, 14 Jul 2021 07:34:42 AM (IST)
Updated Date: Wed, 14 Jul 2021 07:48:12 AM (IST)

जबलपुर (नईदुनिया रिपोर्टर), Cinema Theatre Reopen। कोरोना की मार से पूरी फिल्म इंडस्ट्री जूझ रही है, कोरोना के कारण मुंबई में अभी भी हालात खराब है। जिसके कारण फिल्मों की शूटिंग तो शुरू हो गई है, लेकिन फिर भी कई तरह के प्रतिबंध है। शासन द्वारा 50 फीसदी क्षमता के साथ सिनेमाघर खोलने के आदेश दिए गए हैं, लेकिन कोई नई फिल्म रिलीज करने के लिए नहीं है। जिसे लेकर लोगों में उत्साह हो। आदेश के बावजूद सिनेमाघर तब तक बंद रहेंगे, जब तक कोई नई फिल्म नहीं आती। यानी लोगों का बड़े पर्दे पर फिल्म देखना अभी मुश्किल है।
शहर के लोगों को है सिनेमाघर खुलने का इंतजार : नितिन प्यासी ने बताया कि कोरोना के कारण लोगों की जिंदगी काफी हद तक बदल गई है। सबसे ज्यादा असर लोगों की आजादी पर पड़ा है। पहले की तरह अब वीकेंड नहीं होता। पहले शनिवार और रविवार दोस्तों के साथ फिल्म देखकर बिताते थे, लेकिन अब सिनेमाघर बंद होने से वीकेंड भी घर पर या आउटिंग तक ही सीमित रह गया है। सिनेमाघर में फिल्म देखने का मतबल है दोस्तों के साथ मस्ती और घर से कुछ समय दूर रहकर अपने आपको रिफ्रेश करना, लेकिन अब वीकेंड इस तरह से कब बीतेगा पता नहीं।
जल्दी ही कोई नई फिल्म आए तो सिनेमाघर में जाकर उसका आनंद लेंगे। मल्टी प्लेक्स के जनरल मैनेजर नरेश चतुर्वेदी ने बताया कि इस समय सिनेमाघर खोलना मुश्किल है, कोई भी नई फिल्म नहीं है जिसे सिनेमाघर पर रिलीज किया जाए। पूरे देश के हालात सामान्य होने पर ही पहले की तरह माहौल देखने को मिलेगा। अभी जिला प्रशासन की ओर से भी सिनेमाघर खोलने का आदेश नहीं मिला है।