
जबलपुर। दीपावली त्योहार से ठीक एक दिन पहले बुधवार की सुबह 10ः48 पर जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए। घबराहट में शहर और आसपास के लोग घर से बाहर लिकल गए। थोड़ी देर के लिए अफरातफरी जैसा माहौल बना गया। इसका केन्द्र शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर शहपुरा के पास बताया गया।
भूकंप के झटकों से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों ने झटकों को महसूस किया। थोड़ी देर बाद मामला शांत होने के बाद लोग फोन पर एक दूसरे की कुशलता की जानकारी लेने में जुट गए। शहर में हर जगह भूकंप की चर्चा चलने लगी।
शुरूआती जानकारी मिलने तक किसी भी इलाके से जनहानि की कोई जानकारी नहीं मिली। झटके धरती की सतह से 5 किलोमीटर नीचे शुरू हुए। इस झटके की तीव्रता 2.8 मेग्नीट्यूट दर्ज की गई।
भूकंप निदेशालय से जारी जानकारी में झटके 5 से 10 सेकेंड तक जारी रहे। भूकंप आने की लोकेशन 23.1 डिग्री नार्थ लांग और 79.6 डिग्री ईस्ट बताई जा रही है। लेकिन समाचार लिखे जाने तक जगह की जानकारी नहीं लग सकी।
कलेक्टर शिवनारायण रूपला ने जिले में अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही सभी बचाव राहत दस्तों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। देश में जबलपुर भूकंप की दृष्टि से 38 अतिसंवेदनशील शहरों में माना गया है। इससे पहले भी 1997 में जबरदस्त झटकों में बहुत बड़ा नुकसान जिले को उठाना पड़ चुका है।