
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था में बार-बार होने वाली अनावश्यक कटौती और तकनीकी व्यवधान से उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए बिजली विभाग ने महत्वपूर्ण सुधार कार्य शुरू किया है।
शहर संभाग विजयनगर के अंतर्गत 132 केवी अति उच्च दाब उपकेंद्र रिमझा के सामने स्थापित सिक्स पोल स्ट्रक्चर से गुजरने वाले छह फीडरों को अलग-अलग करने का काम शुरू किया गया है।
इस व्यवस्था के लागू होने के बाद किसी एक फीडर में खराबी आने या मरम्मत कार्य के दौरान शेष पांच फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसका सीधा लाभ विजयनगर शहर संभाग के अलावा ग्रामीण और उत्तर संभाग के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा।
दरअसल, अभी छह फीडर एक ही सिक्स पोल स्ट्रक्चर से होकर गुजरते हैं। इस कारण किसी एक फीडर में फॉल्ट आने या उस पर सुधार कार्य करने के दौरान सुरक्षा कारणों से सभी छह फीडरों की बिजली बंद करनी पड़ती है।
इससे संबंधित क्षेत्रों में एक साथ बिजली गुल हो जाती है, जबकि तकनीकी खराबी केवल एक फीडर में होती है। फीडरों को अलग-अलग करने का काम पूरा होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। जिस फीडर में खराबी आएगी, केवल उसी की आपूर्ति बंद कर सुधार कार्य किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में धान के साथ होगी मिलेट्स की खरीदी, कोदो 3200 रुपये और रागी का 5205 रुपये समर्थन मूल्य तय
तीन संभागों के बड़े क्षेत्र को मिलेगा फायदा
इस सुधार कार्य का लाभ विजयनगर संभाग के अमखेरा, नर्मदा नगर, सुभाष नगर, शांति नगर, गारमेंट क्लस्टर, बलदेव बाग, समता कॉलोनी, अंबेडकर कॉलोनी, मिलोनीगंज, छोटा फुहारा, ग्रीन सिटी, दीनदयाल चौक, चुंगी नाका, माढ़ोताल बस्ती, दमोहनाका रोड, प्रभात नगर, मनमोहन नगर, कृष्णा नगर, कटंगी रोड, करमेता, शिवाजी नगर, बजरंग नगर, लमती, मानस चौक, ऋषि नगर, कंचन विहार सहित आसपास की कॉलोनियों और बस्तियों को मिलेगा। इसके अलावा ग्रामीण संभाग के कटंगी और आसपास के क्षेत्रों तथा उत्तर संभाग के उपभोक्ताओं को भी आपूर्ति में सुधार का लाभ मिलेगा।
स्पार्किंग और तार टूटने का खतरा भी होगा कम
सिक्स पोल स्ट्रक्चर के कारण रिमझा उपकेंद्र के सामने तकनीकी दिक्कतों के साथ सुरक्षा संबंधी खतरे भी बने रहते हैं। यहां आए दिन चिंगारी निकलने, तार टूटने और स्पार्किंग जैसी घटनाओं की आशंका रहती है। इससे आसपास के क्षेत्र में जान-माल के नुकसान का खतरा बना रहता है।
फीडरों को अलग-अलग करने के कार्य से तारों की व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगी। इससे बिजली आपूर्ति में व्यवधान कम होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका घटाने में भी मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- एमपी के हाइवे की स्ट्रीट लाइटों को स्मार्ट बनाने का सर्वे पूरा, ग्वालियर की 6235 लाइटों की भोपाल से होगी निगरानी