नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र में पति-पत्नी में हुए विवाद के बाद पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पिता को रोकने के लिए आई बेटी पर भी हमला किया। घटना में पत्नी की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक बरगी चौराहे के पास रहने वाला रामजी भूमिया श्रमिक है। वह शुक्रवार-शनिवार के रात को नशा करके घर पहुंचा। इसे लेकर पत्नी के साथ विवाद हुआ। आक्रोशित होकर रामजी ने पत्नी राधा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। यह देखकर दंपती की 8 वर्षीय बच्ची मां को बचाने के लिए के लिए दौड़ी।
उस पर भी रामजी ने हमला कर दिया, शोर और घायल मां बेटी के चीखने की आवाज सुनकर उनका बेटा और आसपास के लोग आए। उन्हें देखते ही आरोपित भाग गया। दोनों घायलों को तुरंत मेडिकल अस्पताल ले जाया गया।
रास्ते में ही घायल पत्नी राधा की मौत हो गई जबकि उसकी 8 वर्षीय बच्ची को अस्पताल में भर्ती किया गया है। बच्ची का उपचार जारी है, पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश कर रही हे।
पनागर थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में घायल किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई। रामपुर छापर निवासी अंश खटीक (17) स्वजन के साथ कहीं जा रहा था। गुरुवार को दोपहर में कुशनेर ओवर ब्रिज के पास उसे अज्ञात वाहन की टक्कर ने टक्कर मार दिया था। गंभीर रूप से घायल किशोर को स्वजन ने मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया था। जहां उपचार के दौरान देर उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रांझी थाना क्षेत्र में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक का अचानक स्वास्थ्य खराब हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। रांझी के नृसिंह नगर निवासी मनोज दुबे ने एक मकान बैंक में गिरवी रखा था। जिसे उसने दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। मामले में पूछताछ के लिए उसे शुक्रवार को थाने बुलाया गया था। वह दोपहर को लगभग दो बजे थाने पहुंचा। पुलिस अधिकारी उसके बयान दर्ज कर रहे थे, तभी वह अस्वस्थ हो गया और उसकी मौत हो गई।