
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि।
तमिलनाडू के तटीय हिस्से में निवार तूफान पहुंच चुका है। इस तूफान का असर देश के पांच से ज्यादा राज्यों में देखने मिला है। शुक्रवार की सुबह से जबलपुर के आसमान पर बादल छा गए और कोहरे की आगोश में शहर व ग्रामीण क्षेत्र नजर आया। हालांकि सुबह का न्यूनतम तापमान एक दिन पहले की तुलना में बढ़ा है। बावजूद इसके सुबह से धूप नहीं निकलने के कारण लोगों को ठंड का अहसास हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र से जारी बयान में पहले ही बताया जा चुका है कि अगले 48 घंटों के भीतर हल्के बादलों की खेप आ सकती है। वहीं समुद्र तटीय राज्यों में निवार तूफान का असर ज्यादा देखने मिलेगा।
न्यूनतम तापमान में चार डिग्री का उछाल:
- शुक्रवार की सुबह न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज हुआ। यह एक दिन पहले 11.4 डिग्री था। चार डिग्री का उछाल आने के बाद भी हवा में ठंडक बनी हुई है।
- इसी तरह दिन का तापमान भी सुबह 11:30 बजे की स्थिति में 21.4 डिग्री रिकार्ड हुआ। दिन में धूप के दर्शन भी रूक-रूक कर हो रहे हैं।
कुछ दिन रहेगा असर:
मौसम विज्ञान केंद्र से जारी बयान में कहा गया कि करैकल और पांडुचेरी के बीच तमिलनाडू के तटीय हिस्से में तूफान मध्यरात्रि टकराने की संभावना है। जिसका असर पश्चिमी राजस्थान से लेकर पूर्वोत्तर बांग्लादेश और बिहार,पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के हिस्सों में भी देखा जा सकता है। प्रदेश में इस तूफान से छिटके बादलों की आवाजाही अगले दो से तीन दिनों तक बनी रहेगी। जबलपुर में भी बादल छाए रह सकते हैं। वहीं संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी और बारिश की संभावना भी है।