जबलपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिला बार एसाेसिएशन, जबलपुर की नवीन कार्यकारिणी के चुनाव में अध्यक्ष पद पर अधिवक्ता मनीष मिश्रा निर्वाचित हो गए। उन्होंने मतगणना के पहले राउंड से ही बढ़त बनाकर जीत का परचम लहरा दिया। अपने प्रतिद्वंदियों आरके सिंह सैनी, नरेंद्र जैन व राजेश उपाध्याय को पीछे छोड़कर 955 मतों के साथ विजयी घोषित हुए।
इसी के साथ उनके समर्थकों ने खुशी का इजहार शुरू कर दिया। ढ़ोलों की थाप के बीच सभी जिला अदालत परिसर स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। जहां पूजन-अर्चन के बाद परस्पर मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। जिला बार के नए अध्यक्ष मनीष मिश्रा को पुष्पाहारों से लाद दिया गया। नए जिला बार अध्यक्ष मनीष मिश्रा पूर्व में दो मर्तबा जिला बार सचिव रह चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि जिला अधिवक्ता संघ 2024-26 की नई कार्यकारिणी के लिए 18 मार्च को मतदान हुआ था। जिसमें अध्यक्ष पद के चार उम्मीदवार मैदान में थे। पूर्व जिला बार अध्यक्ष आरके सिंह सैनी, मनीष मिश्रा, नरेन्द्र जैन व राजेश उपाध्याय के बीच मुकाबला था।
मंगलवार को सर्वप्रथम अध्यक्ष पद के मतों की गिनती दोपहर बाद प्रारंभ हुई। करीब दो बजे मतों के मिलान के बाद पहले राउंड की गिनती से ही मनीष मिश्रा ने बढ़त बनानी शुरु कर दी है। पहले राउंड में मनीष मिश्रा ने 52 मत हासिल कर अपने प्रतिद्धंदियों को सोच में डाल दिया था। इसके बाद अंतिम राउंड तक मनीष ने बढ़त कायम रखते हुए 955 मत हासिल कर जीत दर्ज कराई। 20 वें राउंड के बाद से ही मनीष मिश्रा के समर्थकों के बीच बधाई का दौर शुरु हो गया था।
अध्यक्ष पद के लिये कुल करीब 2460 मत प्राप्त हुए थे। जिनमें से चार से पांच मत निरस्त कर दिए गए। इसके बाद के मतों में मनीष मिश्रा को 955 मत जबकि उनके निकटत्तम प्रतिद्धंदी आरके सिंह सैनी को 732 मत प्राप्त हुए। वहीं 606 मतों के साथ नरेन्द्र जैन तीसरे स्थान पर रहे। राजेश उपाध्याय को कुल 163 मत ही प्राप्त हुए।
जिला बार अध्यक्ष पद के बाद अब उपाध्यक्ष और सचिव सहित सह सचिव पदों के मतों की गिनती बुधवार को की जाएगी। उसके उपरांत ही अन्य पदों सहित कार्यकारिणी सदस्यों के मतों की गिनती होगी। प्रत्येक पद के परिणाम को लेकर वकील समुदाय के बीच जिज्ञासा का वातावरण बना हुआ है।