जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। भारतीय रेलवे द्वारा कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिए उपाय किए जा रहे हैं जिसके अंतर्गत रेल संचालन के दौरान विशेष सावधानियां रखने कहा गया है। दरअसल ट्रेनों में भीड़ बढ़ने के बाद रेलवे ने सख्त निर्देश दिए हैं कि कोविड 19 के लिए तय किए गए नियमों का पालन न करने वाले यात्रियों को खिलाफ सख्त कार्रवाई करने कहा गया है, जिसके बाद आरपीएफ ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
यात्रा करने वक्त रखना होगा ध्यान: मास्क लगाना, अपने साथी यात्रियों से उचित दूरी बनाए रखना एवं नियमित रूप से अपने हाथों को साबुन से धोना या सैनिटाइज करना शामिल है। इसके साथ ही रेलवे ने बुजुर्ग व्यक्ति, बच्चे एवं गर्भवती महिलाओं को वर्तमान हालात देखते हुए यात्रा न करने की सलाह दी है।
100 रुपये का देना होगा चालान: आरपीएफ के कमांडेंड अरूण त्रिपाठी ने बताया कि रेल परिसर या ट्रेन में बिना मास्क के पाया जाता है तो उस व्यक्ति से 100/- तक का जुर्माना वसूला जा रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे के सभी प्रमुख स्टेशनों में रेल सुरक्षा बल, शासकीय रेल पुलिस, टिकट जांच कर्मचारी एवं पर्यवेक्षक कर्मचारियों के द्वारा यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करने की सलाह दी जा रही है और यात्रियों पर नजर रखी जा रही है। जो यात्री मास्क पहनकर नहीं आ रहे हैं, उन्हें समझाइश दी जा रही है और 100 रुपये तक का जुर्माना भी लगाया जा रहा है।
उद्घोषणा से दे रहे जानकारी: सीनियर डीसीएम विश्वरंजन ने बताया कि स्टेशनों पर यात्रियों को जागरूक करने हेतु कोविड-19 महामारी से बचाव हेतु 71 स्टेशनों पर नियमित रूप से उद्घोषणा की जा रही है। स्टेशन परिसर में इस संबंध में 450 पोस्टर एवं 1405 स्टीकर आदि लगाए गए हैं। 250 पेम्पलेट बाटें गए है। स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामने 09 नुक्कड़ नाटक किये गए है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। रेल कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को समझाइश दी भी जा रही है, वहीं रोको और टोको अभियान जारी है।