
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के परीक्षा केंद्र में नकल के आरोप लग रहे हैं। मप्र छात्र संगठन ने परीक्षा केंद्र में घुसकर रंगे हाथ विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा। जिसकी फोटो और वीडियों भी छात्रों ने बनाकर हंगामा किया।
परीक्षा के दौरान हंगामा होता देख परीक्षार्थी भी घबरा गए और परीक्षा देना बंद कर दिया। इधर जानकारी लगते ही क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा, तहसीलदार और विजय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच का भरोसा देकर हंगामा खत्म करवाया। इधर उच्च शिक्षा विभाग ने मामले की जांच करवाने के लिए कमेटी बनाने का दावा किया है।
बता दे कि एमबीए,एमए और एमएसडब्ल्यू प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा हो रही थी। अपरान्ह 11 बजे से परीक्षा शुरू हुई। दोपहर करीब 12 बजे मप्र छात्र संगठन के विद्यार्थी महर्षि स्कूल विजय नगर में दाखिल हुए। यहां परीक्षा के दौरान नकल करने का आरोप लगाया।
अभिषेक पांडे ने कहा कि छात्रों ने नकल करवाने के लिए पैसा लिया गया है। इधर प्रशासन ने इस आरोप पर कुछ भी साफ नहीं किया है उनका कहना है कि मामले की जांच करने जब मौके पर पहुंचे तो परीक्षा खत्म हो चुकी थी। नकल जैसा कुछ नहीं मिला लेकिन छात्रों का आरोप जरूर है जिसकी जांच की जाएगी। बता दे कि महर्षि वैद्विक विश्वविद्यालय करौदी ग्राम कटनी में है जिसका स्टडी सेंटर महर्षि स्कूल विजय नगर को बनाया गया है।
पुलिस ने सम्हाला मोर्चा
परीक्षा केंद्र में छात्रों का हंगामा होता देख परीक्षा केंद्र प्रभारी ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में दखल दिया। इधर उच्च शिक्षा विभाग की संयुक्त संचालक डा.संतोष जाटव भी मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि हमें मौके पर नकल जैसा कुछ नहीं मिला, लेकिन प्रदर्शन करने वालों छात्रों के पास कुछ वीडियो मिले हैं जिसकी जांच करवाई जाएगी।
इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रबंधन से भी बात कर पक्ष सुना जाएगा। पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा। पूरे मामले में महर्षि विश्वविद्यालय के कुलसचिव अरविंद राजपूत ने कहा कि उनके परीक्षा केंद्र में पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षाओं का संचालन होता है। मैं फिलहाल बाहर हूं इसलिए सेंटर की स्थिति की जानकारी नहीं है मैं इस मामले में सेंटर प्रभारी से जानकारी ले रहा हूं। ये साजिश के तहत विश्वविद्यायल की छवि को धूमिल करने का प्रयास हो रहा है।