Jabalpur News : जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ भाजपा युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया। शहर और ग्रामीण में दिग्विजय सिंह का पुतला जलाकर विरोध किया गया। कार्यकर्ता इसके पश्चात थानों में पहुंचे और मामला दर्ज करवाने के लिए शिकायत दी। युवा मोर्चा ने दिग्विजय सिंह पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में देर रात वरिष्ठ अफसरों से सलाह लेकर मामला दर्ज किया है।
जलाया पुतला : मालवीय चौक पर युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ठाकुर, शिवम तिवारी के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। योगेंद्र ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह ने लोगों को लड़वाने और एक धर्म विशेष के वोटों की खातिर उनका भरपूर समर्थन करने का काम किया है। खरगोन में जब रामनवमी की शोभायात्रा पर पथराव हुआ तो लोगों के घर में एक धर्म विशेष द्वारा आगजनी की गई। उस वक्त सभी शांत थे और उसके वाबजूद इंटरनेट मीडिया पर गलत चित्र डालकर लोगों को भड़का रहे है ताकि प्रदेश का माहौल खराब हो। इस अवसर पर प्रशांत तिवारी गोलू, शिवम तिवारी, अतुल दुबे, हरीश ठाकुर, ईशान नायक, टीटू सोनकर,राहुल कपूर, रौनक अग्रवाल, चंद्रशेखर पटेल, रविंद्र तिवारी, अनिकेत रावत आदि मौजूद रहे।
भेड़ाघाट में जलाया पुतला,थाने में प्रदर्शन : युवा मोर्चा ग्रामीण ने भेड़ाघाट में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह ने इंटरनेट मीडिया में भ्रामक पोस्ट डालकर समाज को गुमराह करने का प्रयास किया है। जिला अध्यक्ष राजमणि सिंह बघेल के नेतृत्व में दिग्विजय सिंह का पुतला दहन किया गया। इसक पश्चात भेड़ाघाट थाना में मामला दर्ज करवाने शिकायत दी गई। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष शिव पटेल, जिला उपाध्यक्ष हर्ष तिवारी, सजल तिवारी, प्रिंस पटेल पुष्पराज सिंह शेखर, शरद यादव, हर्ष, आयुष सिंह, आयुष दुबे युवा मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज : जबलपुर के थाना ओमती में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज हो गया है। गढ़ा निवासी दुर्गा सिंह पटेल पिता विशाल सिंह पटेल के आवेदन पर मामला दर्ज किया है। आवेदन में कहा गया है कि दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीटर अकाउंट में दो संम्प्रदायों के खिलाफ धार्मिक साैहार्द खराब करने का प्रयास किया है। पुलिस ने 153 ए, 295 ए, 465,505 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है। आवेदन में कहा गया है कि दिग्विजय सिंह ने मप्र के बाहर की तस्वीर जो कूटरचित है उसे ट्वीटर पर लगाकर लेख किया है कि क्या तलवार लेकर धार्मिक स्थल पर झंडा लगाना उचित है? क्या खरगौन प्रशासन ने हथियार लेकर जुलूस निकालने की अनुमति दी थी? क्या जिन्होंने पत्थर फेंके चाहे वो किसी धर्म के हो उन के घर पर बुल्डोजर चलेगें? शिवराज जी मत भूलिए आपने निष्पक्ष होकर सरकार चलाने की शपथ ली थी। यह ट्वीट खरगौन घटना के परिपेक्ष्य में किया गया था जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामला दर्ज करवाने आवेदन किया।