जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। महाकोशल उद्याेग संघ व आइटी पार्क एसोसिएशन का संयुक्त प्रतिनिधि मंडल नगर निगम आयुक्त संदीप जीआर से मिलने पहुंचा। इस दौरान निगमायुक्त से उद्योगों की समस्याओं को लेकर लंबी चर्चा हुई। समस्याएं सुनने के बाद निगमायुक्त ने आठ दिन के भीतर अंतिम निर्णय लेने का आश्वासन दे दिया।
महाकोशल उद्योग संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डीआर जेसवानी ने बताया कि लंबे अर्से से औद्योगिक क्षेत्र रिछाई, अधारताल व आइटी पार्क के उद्योगपतियों व निवेशकों को नगर निगम, जबलपुर से कोई न कोई परेशानी होती आई है। औद्योगिक भवनों के नक्शे पास कराने में लंबा समय लग जाता है। अनाप-शनाप शुल्क की मांग की जाती है। इस वजह से उद्योग निर्बाध रूप से स्थापित हो पाना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा संपत्ति कर की वसूली पर रोक लगाने की मांग भी अनसुनी की जा रही है। रिछाई में पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। प्रतिनिधि मंडल में चंद्रेश वीरा, अशोक परियानी, अनूप आहूजा, अतुल चौरसिया, विकास मित्तल, भानू शुक्ला, आदित्य पिंपले सहित अन्य शामिल रहे।
जरूतरमंदों को पहुंचा रहे पेयजल : उपनगरीय क्षेत्र रांझी मानेगांव की जनता नलों से नियमित पेयजल न मिलने से परेशान है। नलो की स्थिति यह है कि रात भर जगने के बावजूद पानी नहीं आता।इस वजह से नींद पूरी न होने से मजदूर दिन में मजदूरी करने की नहीं जा पा रहे हैं।बगैर पानी के पूरा परिवार परेशान है। ऐसी स्थिति में क्षेत्रीय भूतपूर्व पार्षद जनता से कह रहे हैं कि हमारा कार्यकाल समाप्त हो चुका है। अब हम कुछ नहीं कर सकते।लेकिन समाजसेवी सुधीर सोनू दुबे द्वारा लगातार दो माह से जरूरतमंद क्षेत्रों में पानी के टैंकर भिजवाए जा रहे हैं। उनका संकल्प है कि तक पानी की समस्या समाप्त नहीं होगी, यह कार्य जारी रहेगा।उन्होंने नगर निगम प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द पानी की टंकियों की लाइन जोड़कर जरूरतमंद क्षेत्रों में नियमित पेयजल की सुविधा शुरू कराई जाए।