
जबलपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
जबलपुर रेलवे स्टेशन समेत मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों की आवाजाही 90 फीसद कम हो गई है। रेलवे ने राहत के तौर पर सिर्फ स्पेशल ट्रेनों को चलाया है, जिसमें भी गिनती के यात्री सफर कर रहे हैं। फिर भी जबलपुर समेत सभी रेलवे स्टेशन की पार्किंग में वाहन खड़े हैं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह वाहन लॉकडाउन के पूर्व लोगों द्वारा खड़े किए गए हैं, जिन्हें उठाने के लिए अब तक कोई नहीं आया है। इधर सूत्र बताते हैं कि मंडल के वाहन स्टैंड में खड़े कई वाहन चोरी के हैं।
लॉकडाउन के बाद नहीं लौटेः
जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 1 और 2 ही नहीं मदनमहल रेलवे स्टेशन, नरसिंहपुर, गाडरवारा, कटनी, सतना, सागर, दमोह और रीवा समेत कई स्टेशन की रेलवे पार्किंग और स्टैंड में ज्यादातर दोपहिया वाहन खड़े हैं। यह वाहन लॉकडाउन के दौरान ही नहीं बल्कि इसके पहले से खड़े हैं, लेकिन इन्हें लेने वाले अब तक यहां नहीं पहुंचे। खास बात यह है कि इन वाहन के मालिक का पता स्टैंड संचालक के पास भी नहीं है। सिर्फ पर्ची है, जिसमें न तो नाम है न ही पता।
.........
रेलवे स्टेशन की वाहन स्टैंड में कई वाहन लॉकडाउन के पहले से ही खड़े हैं। समय-समय पर इनकी जांच कराई जाती है। मैं इसे फिर दिखवा लेता हूं।
-मनोज गुप्ता, सीनियर डीसीएम, कोचिंग, जबलपुर रेल मंडल