
जबलपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
बीस साल से ज्यादा पुराना हो चुके इस ट्रैक की पटरियां और स्लीपर बदलने का काम इन दिनों तेजी से हो रहा है। जबलपुर से मदनमहन रेलवे स्टेशन के बीच तकरीबन तीन किमी के रेलवे ट्रैक की पटरियां, स्लीपर बदली जा रही हैं। अप और डाउन की तकरीबन छह किमी की पटरियां बदली जानी हैं। इसमें से अभी तक दो किमी की पटरियां बदल दी गई हैं। इसमें अभी तक तकरीबन तीन हजार से ज्यादा स्लीपर और पटरियों को बिछा दिया गया है।
यह होगा फायदा
लॉकडाउन के पूर्व जबलपुर से मदनमहल के बीच तकरीबन 100 से ज्यादा ट्रेनें गुजरती थीं, लेकिन पुरानी पटरियां होने से ट्रेनों की रफ्तार कम होती थी। अब पटरियां बदलने का काम शुरू हो गया है। यह काम पूरा होने पर इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों की रफ्तार तो बढ़ेगी साथ ही ट्रेनों के आउटर पर खड़े होने की समस्या का समाधान हो जाएगा। इंजीनियरिंग विभाग इस काम के लिए रोज एक-एक घंटे का ब्लॉक लेकर पटरियां बिछा रहे हैं।
वर्जन
हर ट्रैक की सीमित लाइफ होती है। इस ट्रैक की लाइफ भी पूरी हो चुकी है। इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से इसे बदला जा रहा है।
संजय विश्वास, डीआरएम जबलपुर रेल मंडल