जबलपुर। नईदुनिया, प्रतिनिधि
शहर के आसमान में मंडरा रहे बादलों से मात्र बूंदाबांदी ही हो रही है। तेज धूप के कारण दिन का तापमान बढ़ने से उमस बनी हुई है। वर्तमान में जबलपुर संभाग में तेज बारिश होने की संभावना कम ही है, लेकिन बौछारें जरूर पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार अच्छी बारिश के लिए 10 सितंबर तक लोगों को इंतजार करना पड़ सकता है। उमस और गर्मी के बीच गुरुवार को शहर के कुछ क्षेत्रों में ही बूंदाबांदी हुई जो कि 0.6 मिलीमीटर दर्ज की गई। जबकि शाम छह बजे तक 24 घंटे के दौरान 2.4 मिलीमीटर शहर में बारिश दर्ज की गई। इसके बाद भी दिन भर उमस बनी रही।
उत्तर-पश्चिम मप्र में कम दबावः
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बना है। इससे राजस्थान से सटे हुए क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने में एक दो दिन लग सकते हैं। इसका असर प्रदेश में 10 सितंबर तक हो सकता है। वहीं मानसून द्रोणिका पट्टी भी प्रदेश के ऊपर चली गई है जिससे बादलों के बावजूद बारिश की परिस्थितियां निर्मित नहीं हो पा रही है। मौजूदा समय में मानसून द्रोणिका पट्टी राजस्थान से होकर उत्तर प्रदेश और झारखंड तक सीमित है। प्रदेश में बारिश के लिए इस पट्टी का प्रदेश के क्षेत्रों से होकर गुजरना जरूरी है।
तीन डिग्री तक बढ़ा तापमान
शहर में गर्मी और उसम के बीच दिन का तापमान तीन डिग्री तक बढ़ गया है जबकि रात का तापमन दो डिग्री कम हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य रहा। सुबह की आर्द्रता 83 प्रतिशत जबकि शाम की आर्द्रता 74 प्रतिशत दर्ज की गई। बीते वर्ष इस दिन का अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में संभाग के जिलों मे केवल कुछ ही स्थानों पर वर्षा या गरज चमक के साथ बौछार की संभावना व्यक्त की है।
------
अधिकतम : 32.9
न्यूनतम : 23.2
वर्षा : 0.6 मिलीमीटर
हवा : 4 किमी प्रतिघंटे(दक्षिण-पश्चिम)
सूर्योदय : 05ः54
सूर्यास्त : 06ः24