
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ठंड कम होने के बाद भी ट्रेनों की लेटलतीफा खत्म नहीं हुई है। इधर दिल्ली जाने वाली ट्रेनें अभी भी बहाल नहीं हो सकीं है। इस बीच अब रेलवे जबलपुर और कटनी से सिंगरौली जाने वाली ट्रेनों को रद करने जा रहा है।
दरअसल कटनी से सिंगरौली के बीच नान इंटरलाकिंग का काम शुरू हो रहा है। इस वजह से जबलपुर और बिलासपुर रेल मंडल ने कई यात्री ट्रेनों को रद कर दिया है। जबलपुर से सिंगरौली जाने वाली एक मात्र ट्रेन सिंगरौली इंटरसिट को भी 9 से 24 फरवरी तक के लिए रद कर दिया है।
रेलवे गाड़ी संख्या 06623-24 कटनी-बरगवां-कटनी मेमू स्पेशल ट्रेन 10 से 24 फरवरी तक रद रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 11651 जबलपुर-सिंगरौली इंटरसिटी को भी 9 से 24 फरवरी तक रद रहेगी।
इधर गाड़ी संख्या 11652 सिंगरौली-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को भी 10 से 25 फरवरी 2024 तक रद किया है। इसके अलावा गाड़ी संख्या 22165 भोपाल-सिंगरौली एक्सप्रेस 10, 14, 17 एवं 21 फरवरी और गाड़ी संख्या 22166 सिंगरौली-भोपाल एक्सप्रेस 13, 15, 20 एवं 22 फरवरी 2024 को दोनों दिशाओं में चार-चार ट्रिप रद रहेगी।