जबलपुर, नईदुनिया रिपोर्टर। महाकोशल विज्ञान परिषद द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला जिज्ञासा कार्यक्रम जो कि विद्यार्थियों, छात्रों एवं आम सामान्य जनों के लिए बहुत लोकप्रिय है। इस वर्ष अक्टूबर 19 से 23 तक आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम के आयोजन में शामिल होने वाली संस्थाएं महाकोशल विज्ञान परिषद, मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद भोपाल, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर, विज्ञान प्रसार नई दिल्ली एवं सहयोगी संस्थाएं शासकीय विज्ञान महाविद्यालय जबलपुर, शासकीय गृह विज्ञान महाविद्यालय जबलपुर, ओरिएंटल ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूट शामिल हैं। जिज्ञासा कार्यक्रम के 15 जिज्ञासा कार्यशाला के पोस्टर रिलीज एवं कार्यक्रम की घोषणा की गई।
विद्यार्थियों के लिए प्रदर्शनी का आयोजन : पोस्टर रिलीज कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रोफेसर कपिल देव मिश्र, कुलपति रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, सारस्वत अतिथि प्रवीण रामदास, राष्ट्रीय सचिव विज्ञान भारती, डॉक्टर अनिल कोठारी महानिदेशक मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद भोपाल, डॉ एसपी शुक्ला पूर्व अध्यक्ष प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल, प्रजातंत्र गंगेले संगठन मंत्री मालवा प्रांत विज्ञान भारती ने जिज्ञासा कार्यक्रम का पोस्टर रिलीज किया। डॉ. सुनीता शर्मा, डॉ. निपुण सिलावट उपाध्यक्ष, प्रभात दुबे सचिव महाकोशल विज्ञान परिषद द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. अखिलेश अयाची प्राचार्य शासकीय गृह विज्ञान महाविद्यालय, डॉ. मुक्ता भटेले प्राचार्य ओरिएंटल ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूट एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं प्राध्यापकों तथा अन्य नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा है। कार्यक्रम में प्रतिदिन वैज्ञानिकों के व्याख्यान होंगे। विद्यार्थियों के लिए रखी हुई प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। विशेष कार्यक्रम विज्ञान एवं प्रौद्योगिक लोक व्यापीकरण की राष्ट्रीय कार्यशाला के रूप में आयोजित किया जाएगा। विषय स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव, भारतीय विज्ञानिकों का योगदान। कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक ओमप्रकाश सकलेचा, विज्ञान एवं प्रायोगिक मंत्री मध्य प्रदेश शासन एवं मोहन यादव उच्च शिक्षा मंत्री मध्य प्रदेश शासन होंगे।