जबलपुर, नईदुनिया रिपोर्टर। वर्ष 2004 से जन्मदिन पर पौधारोपण करने का अभियान निरंतर चला रही कदम संस्था अब शहर को आक्सीजन जोन बनाने की तैयारी में लगी हुई है। कदम संस्था द्वारा आओ शहर को नीम से ढंक दें अभियान के अंतर्गत आने वाले चार वर्षों में एक लाख नीम के पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है।
इस हेतु कदम द्वारा लोगों को कम से कम 5 फ़ीट के नीम के पौधे निश्शुल्क प्रदान कर रही है। कदम संस्था का हरित क्रांति का यह महाअभियान आज देवताल से शुरू हो रहा है। इसके बाद रांझी शंकर टोरिया मानेगांव में 18 जुलाई को 300 नीम के पौधों का रोपण होगा। गौरतलब है कि 17 जुलाई वर्ष 2004 से ही कदम पौधरोपण का अभियान शुरू किया गया था। इस वजह से नीम के रोपण का अभियान भी आज से ही शुरू किया जा रहा है। इसके लिए सुबह 5 बजे से बच्चे- बड़े सभी मिलकर पौधारोपण करने के लिए जगह को साफ करने,रोपण के लिए गढ्ढे करने में लगे हुए हैं। इंटरनेट मीडिया पर लगातार लोगों को नीम के पौधे का रोपण करने के लिए जागृत किया जा रहा है।
कदम द्वारा लोगों से कहा जा रहा है कि यदि आप सभी के आस-पास अगर ऐसे स्थान हो जहां पर 50,100,200,300 पौधे लगाने की जगह हो और आस-पास के लोग उन पौधों की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी लें तो कदम संस्था आपके बताए गए स्थानों पर आक्सीजन जोन बनाने हेतु पूर्णतः तैयार है।
कदम संस्था के सदस्य कृष्णकांत दीक्षित ने बताया कि कदम द्वारा हर साल 25 हजार नीम के पौधे लगाए जाएंगे। जिसकी शुरुआत 17 जुलाई से हो रही है।कदम ने तय किया है कि रोपण के साथ- साथ पौधों का संरक्षण भी बहुत जरूरी है। इसलिए कदम द्वारा उन्हीं लोगों को पौधे दिए जाएंगे जो रोपे गए नीम के पौधे की सुरक्षा करने का संकल्प लेंगे और एक संकल्प पत्र भरकर देंगे। बिना संकल्प पत्र के पौधे नहीं दिए जाएंगे। इसके साथ ही कदम का जन्मदिन पर पौधारोपण करने का अभियान तो चल ही रहा है।