जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। क्षेत्रीय राजभाषा कार्यांवयन समिति, पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर की 54 वीं बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता महाप्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने की। बैठक में महाप्रबंधक ने मुख्यालय राजभाषा विभाग द्वारा प्रकाशित गृह पत्रिका राजभाषा सरिता के 41वें अंक का विमोचन किया। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि यह खुशी की बात है कि राजभाषा विभाग, मुख्यालय ने सराहनीय ढ़ंग से राजभाषा पखवाड़ा-2021 का आयोजन किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रेल संचालन संबंधी अपने दायित्वों के साथ-साथ राजभाषा कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह राजभाषा के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम मध्य रेल पर राजभाषा प्रयोग-प्रसार की प्रगति संतोषजनक है। हमारे मंडलों तथा कारखानों में राजभाषा की स्थिति काफी सराहनीय है। मुझे खुशी है कि मुख्यालय में भी राजभाषा प्रयोग-प्रसार की स्थिति में लगातार वृद्धि हुई है। कंप्यूटरों पर हिंदी में कार्य की सुविधा ने राजभाषा की प्रगति को और आसान बना दिया है।
बैठक में मुख्य राजभाषा अधिकारी रविशंकर सक्सेना ने महाप्रबंधक, प्रमुख विभागाध्यक्षों तथा मंडलों एवं कारखानों के सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि यह हर्ष का विषय है कि पश्चिम मध्य रेल, मुख्यालय द्वारा तीन सिंतबर से 14 सिंतबर तक राजभाषा पखवाड़ा-2021 का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आयोजित विविध प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष हिंदी दिवस के अवसर पर राजभाषा संबंधी गतिविधियों का आयोजन भारत सरकार की नीति का एक अंग है। इसके पीछे यह उद्देश्य होता है कि अधिकारी एवं कर्मचारी राजभाषा के प्रति अपने दायित्वों के लिए स्वयं से प्रेरित हों। तभी हम राजभाषा संबंधी लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल हो पाएंगे।
इस अवसर पर महाप्रबंधक द्वारा वर्ष 2020 के दौरान राजभाषा हिंदी का सराहनीय प्रयोग-प्रसार करने हेतु मुख्य राजभाषा अधिकारी की अंतर विभागीय शील्ड के अंतर्गत संरक्षा विभाग को प्रथम पुरस्कार एवं सुरक्षा विभाग को द्वितीय पुरस्कार तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी अंतर कारखाना राजभाषा शील्ड कोटा कारखाना को प्रदान की गई।बैठक का संचालन राज रंजन श्रीवास्तव, राजभाषा अधिकारी ने किया और राहुल श्रीवास्तव, उप मुख्य राजभाषा अधिकारी ने महाप्रबंधक एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।