जबलपुर रेलवे: कटनी में बन रहा देश का सबसे लंबा रेलवे फ्लाईओवर, 35 किलोमीटर होगी लंबाई
जबलपुर रेल मंडल के कटनी पर लगभग 35 किमी मीटर ग्रेड सेपरेटर (फ्लाईओवर ) बनाया जा रहा है।
By Ravindra Suhane
Edited By: Ravindra Suhane
Publish Date: Thu, 03 Feb 2022 09:45:31 AM (IST)
Updated Date: Thu, 03 Feb 2022 09:45:31 AM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। ट्रेनों के बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए रेलवे ने अब ऐसे फ्लाईओवर का निर्माण शुरू कर दिया है, जिसकी मदद से मुख्य रेल लाइन से ट्रेनों को निकालने की बजाय इन फ्लाई ओवर से निकाला जाएगा। ऐसा ही एक रेलवे का फ्लाईओवर कटनी में बन रहा है।
जबलपुर रेल मंडल के कटनी पर लगभग 35 किमी मीटर ग्रेड सेपरेटर (फ्लाईओवर ) बनाया जा रहा है। रेलवे का दावा है कि यह देश का सबसे लंबा फ्लाई ओवर है। इसके बनाने के बाद मालगाडियों को कटनी स्टेशन से होकर नहीं गुजरना होगा। वह सीधे फ्लाईओवर की मदद से सिंगरौली से बीना की ओर चली जाएंगी।
पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क विभाग के मुताबिक इसका लगभग 90 फीसदी काम पूरा हो गया है। शेष 10 फीसदी काम को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इस कटनी ग्रेड सेपरेटर की कुल लंबाई 34.9 किमी है। इसके साथ ही इसमें वॉयडक्ट (17.8 किमी), रिटेनिंग वॉल (3.2 किमी), अर्थवर्क (13.9 किमी) पर ग्रेड सेपरेटर का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
इस फ्लाईओवर में 8 रेल ओवर ब्रिज बनाए जा रहे हैं। वहीं 6 मेजर ब्रिज का निर्माण हो रहा है। रेलवे में पहली बार एलिवेटेड डेक पर पॉइंट्स और क्रोसिंग का भी कार्य किया जा रहा है। इसमें उच्च गुणवत्ता वाले मैटेरियल एवं तकनीक तथा हैवी मशीनरी का उपयोग किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत 2.6 लाख क्यू-एम कंक्रीट, 37000 मीट्रिक टन स्ट्रक्चरल स्टील का उपयोग किया जा रहा है।
यह भारत का सबसे लंबा रेलवे वायडक्ट कटनी ग्रेट सेपरेटर होगा। 2023-24 तक इसे बनाकर तैयार कर दिया जाएगा। इस परियोजना की कुल निर्माण कार्य लागत रुपये 1250 करोड़ है। इसके बनने से बीना-कटनी के रेलखण्ड में ट्रेन के परिचालन को गति मिलेगी। वहीं कटनी से बिलासपुर और सिंगरौली के लिए अतिरिक्त रेल लाइन का सीधे संपर्क जुड़ेगा। कटनी, नई कटनी, कटनी मुड़वारा जैसे अतिव्यस्त क्षेत्र से रेलखण्ड का बायपास होगा। माल यातायात में वृद्धि होने से फ्रेट ट्रेनों के समय मे बचत होगी साथ ही आवागमन में आसानी होगी।