जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। जबलपुर रेल मंडल में इन दिनों यूनियन और कर्मचारी, दोनों स्तर पर आरोप-प्रत्यारोप का माहौल बना हुआ है। अभी मजदूर संघ में दो गुटों की लड़ाई शांत नहीं हुई है और अब जबलपुर रेल मंडल के कमर्शियल विभाग में एक नया मामला सामने आ गया है।
जानकारी के मुताबिक जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 1 में पदस्थ रेल कर्मचारी पर रेलवे की महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। महिला डॉक्टर ने ड्यूटी के दौरान द्वारा हाथ पकड़ने का आरोप लगाया है। हालांकि घटना आठ अक्टूबर की है, लेकिन अवकाश की वजह से यह मामला शांत था, लेकिन सोमवार को रेल मंडल कार्यालय खुलने के बाद मामले ने जमकर तू पकड़ा।
जबलपुर रेल मंडल के कमर्शियल विभाग का कहना है कि यह मामला उनकी जानकारी में आया है, लेकिन महिला डाक्टर ने अब तक इस संबंध में लिखित शिकायत नहीं दी, जिस वजह से कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायत आती है तो इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जाएगी। इधर रेल कर्मचारी के व्यवहार को लेकर पहले भी सवाल खड़े होते रहे हैं, लेकिन अब जब मामला महिला से छेड़छाड़ का है तो प्रशासन इसे गंभीरता से ले रहा है।
क्या है मामला: जानकारी के मुताबिक आठ अक्टूबर को दोपहर 2.20 पर रेलवे अस्पताल की एक महिला डॉक्टर को ट्रेन 02142 के एक यात्री के बीमार होने पर उसके उपचार के लिए स्टेशन बुलाया गया। महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया कि इस दौरान रेल कर्मचारी ने उनका हाथ पकड़ा। उन्होंने इसकी शिकायत रेलवे अस्पताल के एमडी और सीएमडी को दी, लेकिन कमर्शियल विभाग को इसकी लिखित शिकायत नहीं दी। हालांकि अब उनके इस्तीफे देने की बात सामने आई है।
------------------
रेल अस्पताल में पदस्थ महिला डॉक्टर से रेल कर्मचारी द्वारा छेड़छाड़ संबंधित कोई भी शिकायत विभाग को नहीं मिली है। यदि शिकायत आती है तो इस पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
विश्वरंजन, सीनियर डीसीएम जबलपुर रेल मंडल