जबलपुर रेलवे: मार्च में थमेंगे यात्री ट्रेनों के पहिए, पुल और ट्रैक की मरम्मत करने लगेगा मेगा ब्लाक
जबलपुर रेलवे: मेगा ब्लाक के चलते मार्च में भी यात्रियों को ट्रेन रद का सामना करना पड़ सकता है।
By Ravindra Suhane
Edited By: Ravindra Suhane
Publish Date: Sun, 06 Feb 2022 01:35:43 PM (IST)
Updated Date: Sun, 06 Feb 2022 01:35:43 PM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। ट्रेन में सफर करने वाले यात्री, रिजर्वेशन कराने से पहले इस बात को पुख्ता कर लें कि जिस दिनांक में आप रिजर्वेशन करा रहे हैं, कहीं उस दिन आपकी ट्रेन रद तो नहीं होगी। दरअसल फरवरी के बाद अब मार्च में रेलवे पटरियों की मरम्मत और पुलों का सुधार कार्य करने मेगा ब्लाक लगाने जा रहा है। हालांकि अभी इसका समय तय नहीं है, लेकिन जल्द ही जबलपुर रेल मंडल इस पर निर्णय ले लेगा।
दरअसल जबलपुर रेल मंडल में जनवरी माह में हुई लगातार रेल दुर्घटनाओं के बाद पटरी और पुलों की मरम्मत का काम तेज हो गया है। इसके लिए फरवरी में मेगा ब्लाक लेकर एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को रद किया गया था, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ी। मार्च में भी यात्रियों को ट्रेन रद का सामना करना पड़ सकता है।
पुल में लगेगा 33 मीटर का गाटर: हिरण नदी के पुल में लगाए गए लोहे के ढांचे को इन दिनों बदलने का काम चल रहा है। 33 मीटर के पांच गाटर बदले जाने हैं, अभी तक चार गाटर बदल दिए गए हैं। इनमें से दो पहले बदले गए और दो शनिवार को बदले गए। इसके लिए सुबह सात बजे से दो बजे तक ट्रेनों की आवाजाही को रोका गया। कई ट्रेनों के रूट बदले तो कई ट्रेनों को रद भी करना पड़ा। अब एक गाटर और बदलना है, लेकिन आपरेटिंग विभाग के मेगा ब्लाक के लिए मिले समय में पूरा काम नहीं हो सका। अब एक बार फिर जबलपुर रेल मंडल के ब्रिज विभाग इसके लिए मेगा ब्लाक लेकर 33 मीटर का गाटर बदलेगा।
यहां भी चल रहे काम: बजट में रेल परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ाने के लिए पर्याप्त पैसा मिला है। इसके बाद मंडल में चल रही परियोजनाओं का काम तेज हो गया है। अभी कटनी से बीना के बीच तीसरी रेल लाइन बनाने का काम चल रहा है तो वहीं कटनी से सिंगरौली, सतना से रीवा और सिंगरौली से रीवा के बीच भी पटरियां बिछाने का काम किया जाना है। इनको लेकर मार्च में मेगा ब्लाक लिया जाएगा। हालांकि इस दौरान रेलवे ट्रैक में कई जगहों पर गति नियंत्रण निर्देश लागू हैं। इन्हें हटाने के लिए भी जल्द ही पटरियों की मरम्मत का काम होगा।
इन ट्रेनों पर हो सकता है असर-
- जबलपुर से कटनी होकर जाने वाली
- कटनी से बीना होकर जाने वाली
- कटनी से सिंगरौली होकर जाने वाली
- सतना से रीवा होकर जाने वाली