जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। मुंबई में पिछले दिनों हुई भारी बारिश से रेलों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ा है। मुंबई से जबलपुर आने वाली दो स्पेशल यात्री गाडियों मुंबई–पटना स्पेशल ट्रेन संख्या 03202 (जनता एक्सप्रेस) व मुंबई–जबलपुर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन संख्या 02188 (गरीब रथ) 18 जुलाई को मुंबई के स्थान पर इगतपुरी से चलाई गई। बारिश के कारण उक्त दो गाडि़यों के प्रारंभिक स्टेशन में बदलाव के साथ ही मुंबई से हावड़ा के बीच चलने वाली हावड़ा मेल संख्या 02322 को मुंबई से चार घंटे, मुंबई से बनारस के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 02193 (महानगरी एक्सप्रेस) पांच घंटे व मुंबई से पाटलीपुत्र के बीच चलने वाली सुपर फ़ास्ट स्पेशल ट्रेन संख्या 02141 भी मुंबई से दो घंटे विलंब से रवाना हुई तथा जबलपुर में देर से आई। इसी तरह कोयम्बटूर से जबलपुर के बीच चलने वाली ट्रेन 02197 को भी करमाली रेलवे टनल में भारी बारिश एवं सीपेज के कारण इसके मार्ग में परिवर्तन किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विश्व रंजन ने बताया कि यह ट्रेन अब कोयम्बटूर से चलकर परिवर्तित मार्ग से इरोड, मिरज, पनवेल होकर जबलपुर आई।
रेलवे ने ट्रैक रिन्यूवल में किया नए प्रकार की रेल का उपयोग : भारतीय रेलवे भी विश्व स्तरीय रेलों की भांति नई तकनीक का उपयोग करने में आगे बढ़ रहा है। भारतीय रेल द्वारा आत्म निर्भर भारत की दिशा में अपनी पहचान को बढ़ाया है। आत्म निर्भर भारत के अंतर्गत सेल भिलाई स्टील प्लांट द्वारा भारतीय रेल के ट्रैक में नई तकनीक की सफलता पूर्वक आर 260 ग्रेड का उत्पादन अप्रैल 2021 से शुरू कर दिया गया है। इस नई ग्रेड को भारतीय रेलवे के अनुसंधान व मानक संगठन द्वारा निर्धारित निर्देशों, जो कि विश्व स्तरीय मानक पर आधारित है। सेल की तकनीक आरडीएसओ द्वारा निर्धारित निर्देश के अनुसार आर 260 ग्रेड यूरोपियन मानकों की तुलना में अधिक कठोर है। भारतीय रेल ट्रैक पर उच्च गति व अधिकतम फ्रेट लोड की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए रेल के आर 260 ग्रेड का ट्रैक का उपयोग किया जा रहा है।