Jabalpur Railway News: 22 से खुल जाएगा, ढाई महीने से बंद मदनमहल अंडरब्रिज
ढाई माह से बंद मदनमहल अंडरब्रिज सोमवार यानी 22 फरवरी से आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
By Ravindra Suhane
Edited By: Ravindra Suhane
Publish Date: Sun, 21 Feb 2021 12:55:00 PM (IST)
Updated Date: Sun, 21 Feb 2021 12:55:59 PM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। ढाई माह से बंद मदनमहल अंडरब्रिज सोमवार यानी 22 फरवरी से आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। रेलवे ने ब्रिज के ऊपर बिछ रही लाइन का काम समय से पूरा कर लिया है। इसलिए निर्धारित तिथि से पहले ही इसे खोलने का निर्णय लिया गया है।
शहर के बीचों बीच स्थित अति व्यस्ततम मदन महल अंडर ब्रिज पिछले ढाई माह से रेलवे द्वारा किये जा रहे कार्यो के कारण बंद था। पमरे प्रशासन द्वारा काम को निर्धारित तिथि से लगभग 15 दिनों पहले ही पूरा कर लिया गया है, जिसके चलते 22 फरवरी से अंडरब्रिज आम जनता के लिए फिर से खोल दिया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा मदन महल स्टेशन के पास अंडर पास (आरयूबी) के विकास के लिए 01 दिसंबर 2020 से तीन महीने के लिए सड़क यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पश्चिम मध्य रेल प्रियंका दीक्षित ने बताया कि रेल के निर्माण विभाग द्वारा आरयूबी विस्तार का कार्य 90 दिनों के लक्ष्य से पहले केवल 75 दिनों में ही पूरा कर लिया गया है, जो कि पश्चिम मध्य के लिए लिये बड़ी उपलब्धि है। अत: आम जनता के उपयोग हेतु मदन महल आरयूबी को सड़क यातायात के लिए 22 फरवरी को सुबह 11 बजे से खोल दिया जाएगा।
दिन भर रहता था जाम: मदन महल अंडर ब्रिज बंद होने के कारण पूरा यातायात शास्त्री ब्रिज की ओर परिवर्तित हो गया था। इससे इस मार्ग पर यातायात जबर्दस्त बढ़ गया था और दिन भर जाम के हालात बने रहते थे। इस वजह से आम जनता को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। जनता की परेशानी को देखते हुए ही पमरे ने मदनमहल स्टेशन की लूप लाइन का काम समय से पहले पूरा कर लिया।