
Jabalpur Railway News: जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। परिवार और दोस्तों के साथ घूमने जाने की तैयारी हो गई है, लेकिन इस बार ट्रेनों की लंबी वेटिंग और महंगा हवाई यात्रा इस प्लान पर पानी फेर सकता है। दरअसल कोरोना काल से अभी तक लोग घूमने नहीं जा पाए, लेकिन इस बार अप्रैल अंत और मई में पहाड़ों से लेकर धार्मिक स्थल जाने की तैयारी कर रहे हैं। यहां तक पहुंचने के लिए उन्हें लंबा इंतजार और अपनी जेब ढीली करनी पड़ सकती है।
जबलपुर से गुजरने वाली ट्रेनों में इस दौरान लंबी वेटिंग है। यही हालात जबलपुर से दिल्ली, मुंबई, हावड़ा, लखनऊ, बनारस, रायपुर, अजमेर तक जाने और यहां से अन्य जगहों के लिए चलने वाली ट्रेनों में आरक्षित सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। यही हाल हवाई यात्रा का है। जबलपुर से चलने वाली फ्लाइट का किराया भी अब आसमान छूने लगा है।
इन जगहों के लिए लंबी वेटिंगः जबलपुर से घूमने जाने वालों ने इस बार जबलपुर से दिल्ली होते हुए कश्मीर, लद्दाख समेत हिमाचल, उत्तराखंड जाने की प्लानिंग की है, लेकिन जबलपुर से दिल्ली और फिर यहां से अन्य जगहों तक जाने के लिए ट्रेन के एसी कोच में कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। यही हाल स्लीपर कोच का है। सबसे ज्यादा परेशानी कश्मीर और उत्तराखंड की ट्रेनाें में है। दिक्कत यह है कि जबलपुर से जम्मू तक जाने के लिए एक ही ट्रेन है, वो भी सप्ताह में एक दिन ही चल रही है। इधर उत्तराखंड के लिए जबलपुर से सीधी ट्रेन ही नहीं है। ऐसे में घूमने जाने वालों को दिल्ली होकर ही जाना पड़ रहा है। कंफर्म सीट न मिलने की वजह से पूरी प्लानिंग पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
जबलपुर से फ्लाइट का किराया भी महंगाः जबलपुर से अन्य शहरों के लिए फ्लाइट शुरू हो गई है, लेकिन जहां घूमने जाना है, वहां डायरेक्ट फ्लाइट ही नहीं है। जबलपुर से वर्तमान में दिल्ली, मुंबई, बैंगलुरु, हैदराबाद, पुणे के साथ इंदौर और बिलासपुर के बीच फ्लाइट चल रही है, लेकिन अप्रैल अंत और मई में इनका किराया भी आसमान छूने जा रहा है। जिस फ्लाइट में 3 से 4 हजार के बीच किराया लगता था, उसमें अब 6 से 9 हजार रुपये तक चल रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली, मुंबई, हैदाराबाद और बैंगलुरु की है। कोरोना काल के बाद सुधरे हालात का फायदा उठाने के लिए ट्रेन और फ्लाइट, दोनों ने इस बार तैयारी कर रखी है।
ऐसे जा सकते हैं
कश्मीरः जबलपुर से दिल्ली तक ट्रेन में और फिर यहां से सड़क के रास्ते कई ठहराव लेते हुए कश्मीर जा सकते हैं। इसके लिए जबलपुर से दिल्ली की ट्रेन में आसानी से सीट कंफर्म हो जाएगी।
हिमाचलः यहां के ठंडे इलाकों में जाने के लिए इस बार शहर के लोगों ने तैयारी की है। इसके लिए यहां से दिल्ली ट्रेन और फिर सड़क के रास्ते हिमाचल के शहरों और ठंडे इलाकों तक पहुंचा जा सकता है।
उत्तराखंडः धार्मिक यात्रा करने के लिए लोगों ने इस बार योजना बनाई है। इन्हें भी जबलपुर से दिल्ली या फिर जबलपुर से लखनऊ होते हुए हरिद्वार तक जाया जा सकता है।
सिक्किमः जबलपुर से न्यूजलपाईगुरी तक कई ट्रेनें चल रही हैं। इनमें किसी तरह आगे-पीछे तिथि कर सीट मिल जाएगी और फिर यहां से सड़क के रास्ते सिक्किम जाया जा सकता है।
फ्लाइट का किरायाः
जबलपुर से दिल्ली-अप्रैल और मई में औसत किराया 4500 से 6500 तक
जबलपुर से मुंबई- 5000 से 9000 तक
जबलपुर से बैंगलोर- 6000 से 12000 तक
जबलपुर से पुणे- 4000 से 7000 तक
जबलपुर से हैदराबाद- 4000 से 7500 तक
ट्रेन में वेटिंग
जबलपुर से दिल्लीः इस रूट पर नियमित तीन ट्रेन चलती हैं और कुल छह ट्रेनें चलती हैं। इनमें वेटिंग लगी है।
जबलपुर से मुंबईः इस रूट पर 12 से ज्यादा ट्रेनें चलती हैं, लेकिन जबलपुर से सीधी एक गरीब रथ, वो भी सप्ताह में तीन दिन।
जबलपुर से न्यूजलपाईगुरीः यहां से नियमित ट्रेन तो एक या दो हैं, जिनमें आसानी से कंफर्म सीट मिलना मुश्किल है।
जबलपुर से जम्मूतवीः एक ही ट्रेन है। इसमें भी लंबी वेटिंग रहती है, लेकिन सप्ताह में एक दिन ही चलती हैं।