
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। मेखला रिसोर्ट में युवती की हत्या करने के आरोपित अभीजीत पाटीदार ने वारदात के पूर्व शहर के कई होटलों को अपना ठिकाना बनाया था। वह शहर की विभिन्न होटलों में रहा और फिर मेखला रिसोर्ट में जाकर युवती की हत्या कर दी। पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नागपुर की ओर भागा है।
लिहाजा, पुलिस की टीमें नागपुर सहित महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में उसकी तलाश कर रही है। रेलवे स्टेशन और बस टर्मिनल के अलावा होटलों के भी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। पुलिस टीम आरोपित की रूट मैपिंग कर रही है। वारदात के पूर्व वह कहां-कहां गया, यह पता लगाया जा रहा है। इसके लिए तिलवारा पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच समेत दो दर्जन से अधिक टीम जुटी हुई हैं। ये टीमें सीसीटीवी वारदात के पहले के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपित द्वारा युवती की इंस्टाग्राम आईडी से लगातार वीडियो व तस्वीरों को पोस्ट की जा रही थीं। यह बात पता चली, तो उक्त आइडी के फालोअर्स ने उसे रिपोर्ट करना शुरू कर दिया है। यही वजह है कि मंगलवार को जहां उक्त आइडी के 724 फालोअर्स थे, वहीं बुधवार को घटकर 719 हो गए। बहरहाल, यदि अधिक यूजर्स ने उसे रिपोर्ट किया और वह आइडी बंद हुई, तो पुलिस को आरोपित को तलाशने में और कठिनाई से इन्कार नहीं किया जा सकता।