
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेला के शारदा मंदिर के पास शनिवार शाम तेज रफ्तार कार ओवरटेक के दौरान डंपर से टकरा गई। कार कुछ दूर तक डंपर के साथ घिसटती रही फिर अचानक आग का गोला बन गई। हादसे में कार सवाल हरियाणा के दो युवकों की जलकर मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान हरियाणा के भिवानी जिले के ग्राम बौंदकला निवासी प्रवीण शर्मा और नजदीकी गांव खैरी बुरा निवासी मोनू शर्मा के रूप में हुई है। कार सवार प्रवीण और मोनू रायपुर से लौट रहे थे। वे जबलपुर होते हुए हरियाणा जा रहे थे। शाम को लगभग पांच बजे उनकी कार मंडला-बरेला मार्ग पर शारदा मंदिर के पास पहुंची थी तभी हादसा हो गया।
कटर मशीन की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शव बाहर निकाले जा सके। आग लगने से उसके अंदर कुछ नहीं बचा था। पुलिस ने कार का चेचिस नंबर ट्रेस किया। जिसके आधार पर कार बेचने वाले हरियाणा के शोरूम की जानकारी मिली। वहां से संपर्क कर कार का आरटीओ पंजीयन नंबर और वाहन स्वामी का पता लगाया गया।
यह भी पढ़ें- ओवरटेक की जल्दबाजी बनी मौत का कारण: गर्दन में घुसा बाइक का ब्रेक पैडल, छत्तीसगढ़ के बालोद में युवक ने तोड़ा दम
वाहन स्वामी से बातचीत के बाद मृतकों की पहचान सुनिश्चित की गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद डंपर चालक वाहन रोकने के बजाय उसे काफी दूरी तक घसीटता रहा। राहगीरों के पीछा करने पर चालक डंपर को छोड़कर भाग गया।