
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सर्दी की विदाई के पहले एक बार फिर मानसून सा नजारा नजर आएगा। सर्दी के सीजन में एक बार फिर सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार से मौसम की रंगत बदल जाएगी। बादल छाएंगे और जबलपुर सहित संभाग के अधिकांश जिलों में वर्षा भी होगी।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों तक बादल, वर्षा की संभावना जताई है। बहरहाल बदलते मौसम का अहसास भी होने लगा है। शनिवार को सुबह से धूप खिली रही वहीं बीच-बीच में हल्के बादल भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहे। उत्तरी हवा से वातावरण में हल्की ठंडक भी अहसास भी बना रहा। हालांकि बादलों के फेर में ठंड का असर और कम हो सकता है।
आज से छाएंगे बादल, 27 फरवरी तक बिगड़ा रहेगा मौसम
क्षेत्रीय मौसम कार्यालय विज्ञानी देवेंद्र तिवारी ने बताया कि उत्तर भारत के आस-पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है इसके असर से उत्तरी हवा से तापमान में दो दिनों से गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं रविवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती घेरा बन रहा है इसके असर से रविवार से बादल छाने की संभावना है। वहीं मजबूती से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से 26 और 27 फरवरी को जबलपुर सहित संभाग के आस-पास के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावित है।
उत्तरी हवा का रुख फिर बदलेगा
बहरहाल उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से हवा का रुख उत्तरी रहा। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवा से शनिवार को भी वातावरण में हल्की ठंडक घुली रही, लेकिन अब हवा की दिशा भी बदल जाएगी जिससे तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान दो डिग्री और कम होकर 126. डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।