
जबलपुर। सिविल लाइन स्थित खान क्लासेस में तालाबंदी करने वाले हिन्दू धर्म सेना के मामले में पुलिस विभाग ने पड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार को पुलिस विभाग ने धर्म परिवर्तन के आरोपों की जांच को आगे बढ़ाते हुए कलेक्ट्रेट जाकर जानकारी जुटाई। अपर कलेक्टर छोटे सिंह से मामले में खान कोचिंग के संचालक की ओर से कब धर्म परिवर्तन का आवेदन दिया गया ये जानकारी ली गई। हालांकि अपर कलेक्टर कुछ भी बोलने से कतराते रहे। नियम ये कहता है कि धर्म परिवर्तन के लिए कलेक्टर की अनुमति जरूरी होती है तभी कोई व्यक्ति अपना धर्म बदल सकता है। पुलिस अफसरों को क्या जानकारी दी गई, इस बारे में पुष्टि अधिकारी नहीं कर सके। लेकिन कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस अपनी तैयारी कर रही है।
ये है मामला
सिविल लाइन निवासी अजय तिवारी ने पुलिस थाने में उनकी छोटी बेटी को बहला फुसला कर धर्म परिवर्तन की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं धर्म सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कोचिंग क्लास के सामने जाकर प्रदर्शन किया और धर्म परिवर्तन का आरोप लगाया। विवाद को बढ़ता देख अब पुलिस विभाग किसी भी तरह की गलती नहीं करना चाहता है। इसलिए कलेक्टर कार्यालय जाकर तमाम जानकारी जुटाई जा रही है।