
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर (वीएफजे) ने सेना और सुरक्षा बलों के लिए अपनी ऐतिहासिक जोंगा जीप का नया और आधुनिक मॉडिफाइड वर्जन तैयार किया है।1970 के दशक से लेकर 90 के दशक के अंत तक यह भारतीय सेना की शान और मुख्य वाहन रहा था।
अब इसे नए अवतार में पेश किया जा रहा है। वीएफजे में इसका उत्पादन पुन: आरंभ हुआ है और राज्य पुलिस व अर्धसैनिक बलों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस बार लाइट बुलेट प्रूफ व्हीकल बनाने का प्रयास किया गया है।
पूरी तरह से माडिफाइड इस गाड़ी का निर्माण मेक इन इंडिया के तहत स्वदेशी तकनीक पर किया जा रहा है। जिसका उपयोग पुलिस और अर्धसैनिक बलों के लिए किया जाएगा। गत दिवस वाहन निर्माणी जबलपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित इस वाहन की असेंबली लाइन को देखा था।
एसयूबी श्रेणी में पहला बुलेट प्रूफ व्हीकल जोंगा को निर्माणी जल्द लांन्च करने जा रही है। इसे आर्मर्ड एसयूवी के तौर पर डिजाइन किया गया है। यह दुश्मन के इलाके में भी जवानों को बैलेस्टिक और साइड ब्लास्ट से सुरक्षा देता है।
केंद्रीय सुरक्षा बल और विभिन्न राज्यों की पुलिस के शीर्ष अधिकारी अपनी उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए जोंगा के बुलेट प्रूफ वाहन को लेकर चर्चारत हैं। इससे पहले निर्माणी विभिन्न राज्य पुलिस बल के लिए लाइट बुलेट प्रूफ व्हीकल तैयार कर चुकी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गणेश प्रतिमा बना रहे मूर्तिकार पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, बाइक सवार युवकों ने वारदात को दिया अंजाम